देवरिया: भारत त्योहारों का देश है। देश में दिवाली की रौनक देखते ही बनती है। पांच दिन चलने वाले इस त्योहार की तैयारियां लोग एक महीने पहले से ही करने लगते हैं। पिछले 2 सालों में कोरोना ने लोगों के हाथ पैर बांध दिए थे। लोगों ने कम साधनों में दिवाली मनाई थी। शायद यही वजह है कि इस साल आने वाले हर त्योहार को लोग दोगुने उत्साह से मना रहे हैं। नवरात्र खत्म होते ही बाजारों में रौनक नजर आने लगी है। फुटपाथ पर सजे रंग-बिरंगे दीये, तोरण और रंगोलियों ने दिवाली के पास आने की दस्तक दे दी है। सालों से फीके पड़े घरों की दीवारों को भी रंग-रोगन कर सजाया जाने लगा है। आइए जानते हैं 2 सालों के बाद त्योहार के लिए बाजारों में कितनी रौनक है और इस बार किस तरह के कपड़े और सजावटी सामान ट्रेंड में रहने वाले हैं, साथ ही आप किस तरह से अपनी दिवाली पर ज्यादा से ज्यादा आनंद ले सकते हैं।

इस दिवाली में ट्रेंड में हल्के कलर
फैशन डिजाइनर अभिनीता दास बताती हैं कि इस दिवाली पर लाइट कलर के कपड़े ट्रेंड पर रहेंगे। कुछ समय से देखा जा रहा है लोग बड़े से बड़े मौके पर भी भड़कीले कलर्स के बजाए हल्के कलर को चुन रहे हैं। इस बार भी हल्के कलर के साथ सिक्वेंस वर्क या शिमरी टच के कपड़े चलन में रहेंगे। दिवाली के ठीक बाद शादियों का सीजन शुरू हो जाता है और आजकल शादियों में भी लड़के और लड़कियां दोनों ही डार्क कलर पहनना पसंद नहीं करते। अब दुल्हा-दुल्हन भी लाइट कलर में सटल लुक ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसे में दिवाली पर लिए गए लाइट कलर के कपड़े शादियों के सीजन में भी आपके काम आएंगे।

हैंडीक्राफ्ट आ रहा है वापस
पहले की तरह अब फिर से घरों को सजाने के लिए हैंडीक्राफ्ट डेकोरेटिव पीसेस का चलन बढ़ रहा है। खासकर दिवाली पर मार्केट में और ऑनलाइन बहुत से हैंडीक्राफ्ट के सजावटी आइटम की वैरायटी मिल जाती हैं। अगर दिवाली पर आप अपने घर को ट्रेडिशनल लुक देना चाहते हैं तो इन हैंडीक्राफ्ट्स से आपको अपना पसंदीदा लुक आसानी से मिल जाएगा। इनमें आपको गमले, वॉल हैंगिंग्स, दीये, शुभ-लाभ और भी बहुत सी चीजें मिल जाएंगी।

अपने साथ-साथ इनकी भी दिवाली करें हैप्पी
कोरोना काल ने बहुत से लोगों से उनक रोजगार छीना है। खासकर फुटपाथ पर बैठने वाले छोटे व्यापारी, जिनका पूरा व्यापार त्योहारी सीजन पर ही चलता था, उन्हें बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इस बार त्योहार पर किसी प्रकार की बंदिश नहीं होने पर उन्हें अपना जीवन वापस पटरी पर लाने का मौका मिला है। अगर आप चाइनीस लाइट्स और महंगे सजावटी आइटम खरीदने की बजाए इनसे मिट्टी के दीये और दूसरे सामान लेंगे तो आपके साथ-साथ इस बार इनकी भी दिवाली हैप्पी हो जाएगी।

धनतेरस पर लें सोने या चांदी के आइटम
धनतेरस वाले दिन घर पर कुछ नया लेने का रिवाज है। ऐसे में कोशिश करें कि आप अपनी क्षमता के अनुसार सोने या चांदी के ही आइटम लें। इससे चाहे आप छोटे ही सामान लें पर इससे हर साल करके आपके धीरे-धीरे सोने और चांदी का सामान इकट्ठा होगा, जो आड़े वक्त पर काम आएगा। बढ़ती महंगाई में पैसों को सोने-चांदी में इनवेस्ट करना भी भविष्य के लिए एक अच्छा विकल्प है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स भी आप अपनी जरूरत के हिसाब से ले सकते हैं। कई लोग बर्तनों की खरीदारी भी करते हैं।