देवरिया। उत्तर प्रदेश का बहराइच जिला इन दिनों चर्चा में है। यहां हाल के दिनों में आदमखोर भेड़ियों ने दहशत फैला रखी है। पिछले लगभग डेढ़ महीने में इन भेड़ियों ने नौ लोगों की जान ले ली है, जबकि कई अन्य लोग घायल हो चुके हैं। भेड़ियों को पकड़ने के लिए वन विभाग की कई टीमें जुटी हुई हैं। सुरक्षा के लिए वन विभाग ड्रोन मैपिंग कर रहा है और थर्मल ड्रोन के जरिए भी भेड़ियों की निगरानी की जा रही है।
राजस्व, पुलिस, वन विभाग तैनात
इन आदमखोर भेड़ियों को पकड़ने के लिए राजस्व विभाग से 32 लोगों की टीम, पुलिस के 200 जवान, 16 वन विभाग की टीम लगी हुई है। भेड़ियों को पकड़ने के लिए ड्रोन, इंफ्रारेड कैमरे, थर्मल इमेजिंग कैमरे, पिंजरे और जाल का उपयोग किय जा रहा है। टीम को अब तक चार भेड़ियों को पकड़ने में सफलता मिल गई है।
क्या है पूरा मामला?
बहराइच के महसी तहसील क्षेत्र में भेड़ियों के एक झुंड ने पिछले कुछ महीनों से आंतक का माहौल बना रखा है। पिछले डेढ़ महीने में आदमखोर भेड़ियों ने महिलाओं और बच्चों सहित नौ लोगों की जान ले ली है। हाल ही में गांव की एक महिला और एक बच्चा इन भेड़ियों के शिकार बने हैं। इसके अलावा, भेड़ियों ने महिलाओं, बच्चे, और बुजुर्ग समेत 35 लोगों को घायल कर दिया है।
रात-रात भर पहरा देते हैं पुरुष
इलाके में भेड़ियों के हमले से ही मौत के बाद पूरे गांव में डर इस कदर फैल चुका है कि घर के सभी पुरुष रातभर जागते हैं और लाठी-डंडे लेकर गांव में पहरेदारी करके हैं। कुछ परिवार ऐसे भी है जिन्होंने अपने बच्चों को अपने रिश्तेदारों के घर भेज दिया है। भेड़िया ज्यादातर सोते हुए बच्चों को अपना शिकार बना रहे हैं। मार्च में भेड़ियों ने हरदी थाना के औराही गांव में आतंक मचाया था। अभी भी 2 से 3 भेड़ियों के इलाके में होने की आशंका है।