देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 जनवरी को जम्मू-कश्मीर को एक बड़ी सौगात दी। जम्मू कश्मीर के गांदरबल में पीएम ने Z-Morh टनल का इनॉग्रेशन किया। इस बहुप्रतिक्षित टनल के उद्घाटन के मौके पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, राज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।
सभी मौसमों में जा सकेंगे सोनमर्ग
इस टनल के नहीं होने से ठंड में जब कश्मीर में भारी बर्फबारी होती थी तब कुछ गांव मुख्य धारा से पूरी तरह से टूट जाते थे। रास्तों पर बर्फ की मोटी परतें चढ़ी होने की वजह से सोनमर्ग को भी पर्यटकों के लिए बंद कर दिए जाते थे। अब टनल का यह प्रोजेक्ट क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी के लिए मील का पत्थर साबित होने वाला है। 6.5 किलोमीटर लंबे इस टनल के बनने से श्रीनगर-सोनमर्ग मार्ग पर सड़क का हिस्सा सभी मौसमों के लिए खुला रहेगा। अब सर्दियों में भी पर्यटक सोनमर्ग का मजा ले सकेंगे।

2,700 करोड़ की लागत से बना टनल
यह पूरी परियोजना करीब 12 किलोमीटर लंबी है जिसमें 6.4 किलोमीटर टनल का हिस्सा है। इसके निर्माण में 2,700 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की लागत आई है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से 8,650 फीट है। Z-Morh सुरंग का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खुली जीप में बैठकर सुरंग के अंदर भी गए और निरीक्षण किया।
AI ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से लैस है सुरंग
जेड मोड़ टनल पूरी तरह से एआई ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से लैस है। इसमें ट्रैफिक कंट्रोल करना अब और भी आसान होगा। साथ ही डेडिकेटेड एस्केप टनल के जरिए ट्रैफिक को सुगम बनाया जाएगा। सुरंग को बनाने में बड़ी मात्रा में मलबा निकला है। मलबे का उपयोग भी सड़क किनारे किए गए निर्माण कार्यों में किया गया है।