देवरिया। लोकसभा चुनाव का अब सिर्फ एक चरण शेष रह गया है। 1 जून को लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण के लिए मतदान संपन्न हो जाएगा। पूरे चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने रिकॉर्ड जन सभाएं और रैलियां की है। अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही पीएम लोकसभा की तैयारियों में लग गए थे। जहां दूसरे नेता चुनाव होने के बाद कुछ दिन आराम करने की सोचते वहीं पीएम मोदी कन्याकुमारी में ध्यान में बैठने जा रहे हैं। यहां पीएम लगभग 45 घंटे लगातार मेडिटेशन करेंगे।


आखिरी रैली के बाद जाएंगे कन्याकुमारी
कन्याकुमारी के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने पंजाब के होशियारपुर में लोकसभा चुनाव की अपनी अंतिम चुनावी रैली और जनसभा को संबोधित किया। रैली के बाद पीएम शाम करीब 5 बजे यहीं से कन्याकुमारी के लिए रवाना हुए। कन्याकुमारी पहुंचकर पीएम ने पहले वहां मां भगवती अम्मान मंदिर में पूजा अर्चना की। यहां से पीएम विवेकानंद रॉक मेमोरियल पहुंचे। यही वो जगह है जहां पीएम 2 दिनों के लंबे ध्यान पर बैठेंगे ।

45 घंटे तक लंबा मेडिटेशन करेंगे पीएम

पीएम मोदी इस बार अपना ही 17 घंटे मेडिटेशन का रिकॉर्ड तोड़ने वाले हैं। पीएम विवेकानंद रॉक गार्डन में 2 दिन रहेंगे जिसमें से लगभग 45 घंटे पीएम ध्यान मग्न रहेंगे। आपको बता दें स्वामी विवेकानंद ने भी इसी स्थान पर ध्यान लगाया था। तब स्वामी विवेकानंद समुद्र के बीच इस चट्टान पर तैरकर पहुंचे थे और 3 दिन तक ध्यान लगाया था। पीएम मोदी पहले भी इस तरह से लंबे-लंबे मेडिटेशन कर चुके हैं। साल 2014 में पीएम ने शिवाजी के प्रतापगढ़ में और फिर 2019 में केदारनाथ में 17 घंटे के लंबे मेडिटेशन में बैठे थे। इस बार 45 घंटे का मेडिटेशन कर पीएम अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ने जा रहे हैं।


कन्याकुमारी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए कन्याकुमारी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पर्यटकों के लिए गुरुवार से शनिवार तक समुद्र तटों को बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान समुद्र में किसी भी नाविक को जाने की इजाजत नहीं होगी। पीएम की सुरक्षा में दो हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षा एजेंसियों का दल तैनात रहेगा। पीएम मोदी अंतिम चरण के चुनाव के दिन यानी 1 जून को दिल्ली वापस लौट जाएंगे। पीएम दिल्ली लौटने से पहले तमिल कवि तिरुवल्लुवर की 133 फीट ऊंची प्रतिमा भी देखने जाएंगे।