देवरिया। संसद का मानसून सत्र इन दिनों काफी गरमाया हुआ है। मंगलवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लोकसभा और राज्यसभा दोनों में जोरदार हंगामा हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष और खासकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश के नेता ने भारत से ऑपरेशन सिंदूर रोकने की अपील नहीं की। उन्होंने दोहराया कि भारत की यह कार्रवाई उग्र नहीं थी, बल्कि पूरी तरह से तय रणनीति और आत्मरक्षा के सिद्धांत पर आधारित थी।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति से बातचीत का किया जिक्र
पीएम मोदी ने बताया कि 9 मई की रात अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की। एक घंटे तक कोशिश के बाद, जब वे उनसे बात कर पाए, तो वेंस ने बताया कि पाकिस्तान कोई बड़ा हमला करने की योजना बना रहा है। इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया, “अगर पाकिस्तान ऐसा कुछ सोच रहा है, तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।”
पीएम ने बताए भारत के तीन स्पष्ट निर्णय
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिये भारत के तीन महत्वपूर्ण और स्पष्ट रुख दुनिया के सामने रखे। पहला कि- यदि भारत पर कोई आतंकी हमला होता है, तो भारत अपने समय, अपने तरीके और अपनी शर्तों पर जवाब देगा। दूसरा- अब ‘परमाणु धमकी’ भारत पर असर नहीं डालेगी। तीसरा- जो सरकारें आतंकवाद को समर्थन देती हैं और जो आतंकी मास्टरमाइंड हैं – भारत अब उन्हें अलग-अलग नहीं देखेगा।
पाकिस्तान को हुआ भारी नुकसान: पीएम
पीएम मोदी ने दावा किया कि भारत की कार्रवाई से पाकिस्तान के कई एयरबेस गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और आज भी उनमें से कई ‘आईसीयू’ जैसी स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है, जहां तक पहुंचने की कल्पना भी मुश्किल थी।
तकनीक आधारित युद्ध में भारत की ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि- “भारत ने तकनीकी क्षमता का जबरदस्त प्रदर्शन किया है। ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि भारत किसी भी तकनीक आधारित युद्ध के लिए तैयार है। हमारे स्वदेशी ड्रोन और मिसाइलों ने पाकिस्तान की रक्षा प्रणाली की कमियां उजागर कर दी हैं। यदि बीते 10 वर्षों में भारत ने रक्षा क्षेत्र में खुद को तैयार न किया होता, तो नुकसान की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पहली बार विश्व ने आत्मनिर्भर भारत की सैन्य शक्ति को स्पष्ट रूप से देखा।”