देवरिया। मंगलवार को लोकसभा के बाद बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कांग्रेस के 10 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था नाजुक स्थिति में थी। दूसरी ओर हमारे 10 वर्षों में भारत शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में से एक रहा है। हमारे 10 साल बड़े और निर्णायक फैसलों के लिए याद रखे जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि अब अगर खरगे जी अपना आशीर्वाद वापस लेना चाहते हैं तो ले लें। पीएम मोदी ने खरगे पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि उस दिन के भाषण के दौरान खरगे जी के दो कमांडर नहीं थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष मेरी बात को नहीं सुनना चाहते हैं लेकिन देश की जनता ने मुझे ये ताकत दी है।

हमारी सरकार का तीसरा टर्म दूर नहीं: PM

तीसरे टर्म को लेकर पीएम मोदी ने कहा- “हमारी सरकार का तीसरा टर्म दूर नहीं है। कुछ लोग इसे मोदी 3.0 कहते हैं। मोदी 3.0 विकसित भारत की नींव को मजबूत करने के लिए पूरी शक्ति लगा देगा। अगले 5 साल में देश में इलाज बहुत सस्ता हो जाएगा। आने वाले 5 साल में गरीब को पीएम आवास देने का ख्याल रखा जाएगा। अगले 5 साल सोलर पावर से बिजली बिल जीरो होगा। अगरे 5 साल देश में पाइप से गैस के कनेक्शन पूरे देश में नेटवर्क बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। युवा शक्ति बनेगा देश।”

पीएम ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि- “इन लोगों की मर्यादा इतनी है कि इन्होंने अपने युवराज को स्टार्टअप बनाकर दिया। वो नॉन स्टाटर है। न तो वो लिफ्ट हो रहा न तो वो लॉन्च हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र हमारे एक जमीन का टुकड़ा नहीं है। हम सबके लिए प्रेरणा देने वाली ईकाई है। जैसे शरीर होता है। हिंदुस्तान के किसी भी कोने में दर्द हो तो पीड़ा सबको होनी चाहिए। देश का कोई कोना, कोई क्षेत्र विकास से वंचित हो जाएगा तो हमें भारत को एक देखना चाहिए। जिस प्रकार से इन दिनों भाषा बोली जा रही है। देश को तोड़ने के लिए जो किया जा रहा है, वो ठीक नहीं है।”

LIC के शेयर रिकॉर्ड स्तर पर: PM

पीएम मोदी ने कहा कि- “LIC को लेकर भी कैसे-कैसे मूर्खतापूर्ण बयान देते थे। LIC का ये हो गया। जितनी गलत बातें LIC बातें बोली गईं। तरीका यही होता है कि किसी बर्बाद करना है तो उसके बारे में झूठ फैलाओ। मैं सीना तानकर सुनाना चाहता हूं, आंखें ऊंची कहकर सुनाता हूं आज LIC के शेयर रिकॉर्ड स्तर पर हैं।”

“मोदी की गारंटी का दौर, नए भारत की भोर”

पीएम मोदी ने कहा कि- “किसी ने एक कविता लिखकर भेजी थी। उसमें एक वाक्य है- ‘मोदी की गांरटी का दौर है। नए भारत की भोर, आउट ऑफ वारंटी चल रही दुकानें, खोजें अपनी ठौर’। सरकारी कंपनियों को लेकर अलग-अलग आरोप लगे हैं। सिर, पैर, माथा कुछ नहीं बस लगाते रहे आरोप। देश को याद है कि मारुति के शेयर का क्या चल रहा था। कांग्रेस ने कहा कि हमनें पीएसयू बेच दिए, पीएसयू डुबो दिए। याद कीजिए बीएसएनएल, एमटीएनल को बर्बाद करने वाले कौन थे। वो कौन सा कालखंड था। जरा याद कीजिए HAL की क्या दुर्दशा करके रखी थी। 2019 का एजेंडा HAL के जरिए लड़ने की कोशिश की थी। एयर इंडिया को किसने तबाह किया। कांग्रेस पार्टी और यूपीए ये 10 साल की बर्बादी से मुंह नहीं मोड़ सकती।”

पीएम ने नेहरू की चिट्ठी का किया जिक्र

पीएम मोदी ने जवाहर लाल नेहरू की चिट्ठी के हवाले से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि- “नेहरू जी ने एक चिट्ठी लिखी थी ये चिट्ठी देश के सीएम को लिखी थी। नेहरू ने कहा था कि मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता और खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं। मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं जो अकुशलता को बढ़ावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाएं। ये पंडित नेहरू की सीएम को लिखी चिट्ठी है। ये जन्मजात इसके विरोधी हैं। आज जो आंकड़े गिनाते हैं कि इतने यहां हैं और इतने यहां तो इसलिए है कि उन्होंने उसे रोक दिया था।”

पीएम ने राजीव गांधी और मनमोहन सिंह का भी लिया नाम

पीएम मोदी ने राजीव गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम लेते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि- “एक पीएम को पता था कि एक रुपया जाता है लेकि नीचे पूरी तरह पहुंचता नहीं था। उन्होंने कहा कि उन्हें बीमारी का पता था लेकिन सुधार की इच्छा नहीं थी। हमने बहुत संकटों से देश को बाहर निकाला है। ऐसे ही देश हमें आशीर्वाद नहीं दे रहा है। आजादी के बाद भी देश में गुलामी की मानसिकता को किसने बढ़ावा दिया। पीएम मोदी ने कांग्रेस से पूछा कि आप अगर अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे तो IPC को क्यों नहीं बदला। अगर आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे तो देश का बजट शाम को 5 बजे इसलिए आता था क्योंकि वो ब्रिटिश संसद के शुरू होने का समय होता था। ये ब्रिटेन के संसद के अनुकूल शाम 5 बजे बजट की परंपरा क्यों चलाई रखी थी आपने। कौन अंग्रेजों से प्रभावित था। अगर आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे तो राजपथ को कर्तव्य पथ करने के लिए मोदी का इंतजार क्यों करना पड़ा? देश के सेना के जवानों के लिए एक वॉर मेमोरियल क्यों नहीं बना पाए?”

“NDA ने पहली बार एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाया”

पीएम मोदी ने कहा कि- “देश में पहली बार एनडीए ने एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाने का काम किया। उनको कैंडिडेट बनाया। आपको हमसे वैचारिक विरोध हो तो वो एक बात है। लेकिन वैचारिक विरोध नहीं था क्योंकि हमारे यहां से गए व्यक्ति को आपने कैंडिडेट बनाया। आपका विरोध एक आदिवासी की बेटी से था। जब पीए संगमा जी चुनाव लड़ रहे थे तो उनके साथ भी यही किया गया। राष्ट्रपति जी का अपमान करने की घटनाएं कम नहीं हैं। राष्ट्रपति के लिए ऐसी भाषा बोली गई है कि शर्म से माथा झुक जाए। हमने पहले दलित को अब आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया। हमारी प्राथमिकता क्या है हमने दिखाया है।”

“जिनकी अपनी गारंटी नहीं वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं”

जिस कांग्रेस ने ओबीसी को आरक्षण नहीं दिया। जिसने सामान्य वर्ग के गरीबों को आरक्षण नहीं दिया। जिसने बाबा साहेब को भारत रत्न के योग्य नहीं माना। जिस कांग्रेस ने केवल अपने परिवार को ही भारत रत्न दिया। वो कांग्रेस हमें सामाजिक न्याय का पाठ पढ़ा रही है। जिस कांग्रेस के अपने नेता की कोई गारंटी नहीं है, उनकी नीति की कोई गारंटी नहीं है वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रही है। जिस कांग्रेस ने देश को मुश्किल हालात में झोंक दिया वो कांग्रेस आज हमें भाषण दे रही है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस तय नहीं कर पाई कि राष्ट्रीयकरण करना है कि निजीकरण करना है। कांग्रेस कन्फ्यूज पार्टी है। जो कांग्रेस 10 साल में 12 से 11 नंबर पर अर्थव्यवस्था ला पाई। वो हमें भाषण देती है। पीएम मोदी ने कहा कि ये कांग्रेस हमें आर्थिक नीतियों पर भाषण सुना रही है।