देवरिया। खेलों के महाकुंभ ओलंपिक का आयोजित इस वर्ष 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होने जा रहा है। ओलंपिक खेलों का आयोजन फ्रांस की राजधानी पेरिस में किया जा रहा है। भारत से 120 खिलाड़ी ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं। गुरुवार रात पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की और शुक्रवार सुबह सभी से बातकर उनका हौसला बढ़ाया और खेलों में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। जो खिलाड़ी पीएम से सीधे नहीं जुड़ सके उन्हें वीडियो कॉल के माध्यम से जोड़ा गया था। देश के प्रधान का ओलंपिक से ठीक पहले इस तरह से खिलाड़ियों से बातचीत करने से उनका हौसला दोगुना हो गया है।

पीएम ने खिलाड़ियों विजयी मंत्री दिया
पीएम ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान उन खिलाड़ियों से खास बात की जो पहली बार ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों को विजय मंत्र देते हुए कहा कि- “आप ओलंपिक में जाने और जीतने के मूड में हैं और मैं आपके जीतने के बाद वापस आने पर आपका स्वागत करने के मूड में हूं। मेरी कोशिश है कि मैं खेल जगत से जुड़े हमारे देश के सितारों से मिलता रहूं, नई चीजें सीखता रहूं और उनके प्रयासों को समझता रहूं और सरकार के तौर पर अगर व्यवस्था में कुछ बदलाव की जरूरत है, कुछ प्रयासों को बढ़ाने की जरूरत है तो मैं इस दिशा में काम करता रहता हूं। मेरी कोशिश है कि सभी से सीधा संवाद हो।”

पीएम ने नीरज चोपड़ा से की चूरमे की मांग

पीएम मोदी ने नीरज चोपड़ा, मुक्केबाज निकहत जरीन और ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। पीएम खिलाड़ियों से बिल्कुल सहज अंदाज में बात कर रहे थे। बीच-बीच में उन्होंने मजाक भी किया। इस दौरान उन्होंने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा से मजाकिया अंदाज में कहा कि – “तुम्हारा चूरमा अभी तक आया नहीं” तब नीरज चोपड़ा ने हंसते हुए कहा कि- “इस बार जरूर चूरमा लेकर आएंगे”। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि- “मुझे तुम्हारी मां के हाथ का चूरमा खाना है”।

“मुझे विश्वास है कि इस बार भी आप भारत का नाम रोशन करेंगे”

प्रधानमंत्री मोदी ने ओलंपिक के लिए जाने वाले खिलाड़ियों से बातचीत में खेलो इंडिया के बारे में भी बात की। खिलाड़ियों ने भी बताया कि कैसे उन्हें खेलो इंडिया से अपने खेल को आगे बढ़ाने में और ओलंपिक तक पहुंचने में मदद मिली है। पीएम ने कहा कि कहा कि- “हम खेलने जा रहे हैं, हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने जा रहे हैं। ओलंपिक भी सीखने का एक बहुत बड़ा क्षेत्र है। जो सीखने की प्रवृत्ति के साथ काम करता है, उसके लिए सीखने के अनेक अवसर हैं। हमारे जैसे देशों से लोग वहां जाते हैं, उन्हें अनेक कठिनाइयों और असुविधाओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन उनके दिल में उनका देश और उनका तिरंगा झंडा होता है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार भी आप खेल के क्षेत्र में भारत का नाम रोशन करेंगे।”


खिलाड़ियों को 15 अगस्त परेड में शामिल होने का दिया आमंत्रण

पीएम मोदी ने कहा कि- “इस बार भी हमने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कुछ नया करने का प्रयास किया है। हमने वहां भारतीय समुदाय को थोड़ा सक्रिय करने का प्रयास किया है ताकि वो हमारे खिलाड़ियों से और ज्यादा जुड़ें। मैं अपनी तरफ से आपको शुभकामनाएं देता हूं और मैं आप लोगों का इंतजार करूंगा। मैं कोशिश करूंगा कि 15 अगस्त को जब लाल किले पर कार्यक्रम हो तो आप लोग भी वहां मौजूद रहें।”