देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात के दौरे के दौरान ‘अहलान मोदी’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम आबू धाबी के शेख जायद स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में हुआ। पीएम मोदी के कार्यक्रम के दौरान पूरा स्टेडियम भारतीय समुदाय के लोगों के खचाखच भरा हुआ था। पीएम के कार्यक्रम में शिरकत करते ही स्टेडियम मोदी-मोदी के नारे से गूंजने लगा। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत-यूएई दोस्ती जिंदाबाद’ कहकर की। पीएम मोदी ने यूएई दौरे को याद किया और कई महत्वपूर्ण बातें की।

मैं आपके लिए भारत की मिट्टी की खुशबू लेकर आया हूं: पीएम

पीएम मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद हुए भारतीय समुदाय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि- “आज की यादें जीवन भर मेरे साथ भी रहने वाली हैं। मैं आपके लिए भारत की मिट्टी की खुशबू लेकर आया हूं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपने परिवारजनों से मिलने के लिए यूएई आया हूं।” पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम के लिए यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का आभार भी जताया।

पीएम मोदी ने पहली यूएई यात्रा को किया याद


पीएम मोदी ने 2015 की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि- “मुझे केंद्र सरकार में आए ज्यादा समय नहीं हुआ था। डिप्लोमेसी की दुनिया भी मेरे लिए नई थी। तब एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने के लिए तब के क्राउन प्रिंस और आज के राष्ट्रपति अपने पांच भाइयों के साथ आए थे। वो गर्मजोशी उनकी आंखों में वो चमक मैं कभी नहीं भूल सकता। उस पहली मुलाकात में मुझे ऐसा लगा कि मैं किसी करीबी के घर आया हूं। वो भी एक परिवार की तरह मेरा सत्कार कर रहे थे। लेकिन, वो सत्कार सिर्फ मेरा नहीं था, वो स्वागत 140 करोड़ भारतीयों का था। वो सत्कार यूएई में रहने वाले प्रत्येक भारतीय का था।”

पीएम मोदी को यूएई का सर्वोच्च सम्मान दिया गया


संबोधन में पीएम ने बताया कि- “ यूएई ने मुझे अपने सर्वोच्च सम्मान ऑर्डर ऑफ जायद से सम्मानित किया है। यह सभी भारतीयों का सम्मान है। मैं जब भी अपने भाई शेख मोहम्मद बिन जायद से मिलता हूं तो वो आप सब की बहुत प्रशंसा करते हैं। वह यूएई के विकास में आपकी भूमिका की प्रशंसा करते हैं। इस जायद स्टेडियम में भी आपके पसीने की महक आ रही है। उन्होंने अपने दिल में भारतीयों को जगह दी है। समय के साथ यह रिश्ता दिनों-दिन और मजबूत होता जा रहा है। इसमें भी शेख मोहम्मद बिन जायद की भूमिका है।”

कोविड के दिनों को किया याद


पीएम मोदी ने कोविड के दिनों को याद करते हुए कहा कि- “आपके प्रति यूएई के राष्ट्रपति कितने जागरूक हैं, यह कोविड के दौरान देखने को मिला। मैंने भारतीयों को लाने के लिए उनसे कहा था, तब उन्होंने मुझे भरोसा दिया था कि भारतीयों का वैक्सीनेशन यहीं होगा। मैं आप सबके प्रति उनका यह असीम प्रेम हर पल अनुभव करता हूं। जब साल 2015 में उनके सामने आप सबकी तरफ से एक मंदिर का प्रस्ताव रखा, तो उन्होंने तुरंत एक पल भी गवाएं बिना हां कर दी। उन्होंने यहां तक कह दिया, जिस जमीन पर तुम लकीर खींच लोगे, वो दे दूंगा। और अब अबू धाबी में भव्य दिव्य मंदिर के लोकार्पण का ऐतिहासिक समय आ गया है।”


अंतरिक्ष में भारत यूएई संबंधों किया जिक्र

पीएम ने कहा- “भारत यूएई की दोस्ती जितनी जमीन पर मौजूद है, उतना ही उसका परचम अंतरिक्ष में भी लहरा रहा है। मैं स्पेस स्टेशन पर छह महीने गुजारने वाले सुल्तान अल नेयादी को भारत की तरफ से बधाई देता हूं। उन्होंने इंटरनेशनल योगा डे और इंडिपेंडेंस डे पर स्पेस से शुभकामनाएं भेजी। इसके लिए भी मैं उनका धन्यवाद देता हूं। आज 21वीं सदी के तीसरे दशक में भारत और यूएई का रिश्ता अभूतपूर्व ऊंचाई पर पहुंच रहा है। हमारा रिश्ता टैलेंट, इनोवेशन और कल्चर का है। बीते दिनों में हमने अपने संबंधों को नए क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। आज यूएई भारत का तीसरा बड़ा ट्रेड पार्टनर है। आज यूएई सातवां बड़ा इनवेस्टर है।”

भारत की कामना यह दोस्ती हमेशा बनी रहे: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि- “हम दोनों देशों का नाता सैकड़ों हजारों वर्ष का है। भारत की कामना है कि यह दोस्ती हमेशा मजबूत होती रहे। इस स्टेडियम में सैकड़ों की संख्या में स्टूडेंट भी आए हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली के कैंपस का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि सीबीएसई का भी ऑफिस यूएई में खुलने वाला है। उन्होंने कहा कि भारतीयों का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है। दुनिया का वो देश जिसकी अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से बढ़ रही है, वो देश भारत है। दुनिया का वो देश जो स्मार्टफोन डेटा कंज्यूम करने में नंबर वन है, वो भारत है। दुनिया का वो देश जहां मिल्क प्रोडक्शन सबसे ज्यादा होता है, वो भारत है। इंटरनेट यूजर के मामले में भी भारत नबंर एक है। मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग में भी भारत नंबर एक पर है।”

“मोदी की गारंटी मतलब गांरटी पूरी होने की गांरटी”


उन्होंने अपने तीसरे टर्म में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी मतलब गांरटी के पूरा होने की गारंटी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने चार करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्का घर दिया है। हमने 10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को नल से जल का कनेक्शन दिया है। हमने 50 करोड़ से ज्यादा परिवारों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा है। हमने 50 करोड़ से ज्यादा लोगों को 5 लाख के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। हमने ग्रामीण क्षेत्रों मे लोगों के इलाज के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए हैं। जो भारत गए हैं, वो जानते हैं कि वहां कितनी तेजी से बदलाव आया है।

भारत कदम-कदम पर अपने लोगों के साथ खड़ा है: PM


अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि- “भारत के बढ़ते हुए सामर्थ्य ने दुनिया को भी स्थायित्व और समृद्धि दी है। दुनिया को लगा है कि भारत एक भरोसेमंद ग्लोबल ऑर्डर स्थापित करने में भूमिका निभा सकता है। मुझे खुशी है कि भारत और यूएई इस भरोसे को निभाने में सहयोग कर रहे है। भारत ने बहुत ही सफल जी-20 सम्मेलन का आयोजन किया है। इसमें हमने यूएई को भी आमंत्रित किया। इससे हमारी स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप भी मजबूत हो रही है। आज दुनिया के हर एक मंच पर भारत की आवाज सुनी जाती है। कहीं भी संकट आता है तो भारत पहले रिस्पांड करता है। आज भारत कदम-कदम पर अपने लोगों के साथ खड़ा है।जहां भी विदेशों में बसे भारतीयों को समस्या आई भारत ने तुरंत एक्शन लिया है। यूक्रेन, सूडान, यमन और दूसरे देशों में फंसे भारतीयों को हम सुरक्षित बाहर निकालकर लाए हैं। भारत और यूएई मिलकर 21वीं सदी का नया इतिहास लिख रहे हैं। इस नए इतिहास का एक बड़ा आधार यहां बैठे आप भारतीय हैं। आप यहां जो मेहनत कर रहे हैं उससे भारत को भी ऊर्जा मिल रही है।”