देवरिया। पैरा ओलंपिक में हमारे खिलाड़ी इतिहास रच रहे हैं। पांचवें दिन अलग-अलग खेल मिलाकर 8 मेडल आए जिनमें 2 गोल्ड भी शामिल है। पांचवें दिन तक भारत के पास 3 गोल्ड मेडल समेत कुल 15 मेडल हो चुके थे। पदक तालिका में भारत 15वें स्थान पर आ गया है।
बैडमिंटन में पांच मेडल
पांचवें दिन पैरा बैडमिंटन में पांच मेडल जीते गए। मेंस बैटमिंटन सिंगल्स SL 3 मुकाबले में नितेश कुमार ने गोल्ड पर कब्जा किया। नितेश भारत के बेहतरीन बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। नितेश ने फाइनल मैच में ग्रेट ब्रिटेन के डेनियल बेथल को 2-1 से हराया और भारत के नाम गोल्ड मेडल किया।
सुहास यतिराज को जीता सिल्वर
बैडमिंटन में ही सुहास यतिराज को सिल्वर मेडल मिला। सुहास ने मेंस सिंगल्स एसएल-4 कैटेगिरी में ये जीत हासिल की। आपको बता दें सुहास यतिराज उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं और एक IAS ऑफिसर हैं। सुहास पहले IAS हैं जिन्हें ओलंपिक में पदक मिला है। सुहास को अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वुमन पैरा बैडमिंटन में 3 मेडल
भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना बेस्ट दिया और देश को 3 मेडल दिए थुलासिमाथी मुरुगेसन ने वुमन्स सिंगल एसयू5 कैटेगिरी में सिल्वर मेडल जीता, मनीषा रामदास ने भी इसी इसी कैटेगिरी में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। पैरा खिलाड़ी नित्या श्री सिवन ने वुमेंस सिंगल के SH-6 कैटेगिरी में ब्रॉन्ज मेडल हासिल की।
पैरा जेवलीन में भी गोल्ड
पैरा भारा फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल ने भारत को तीसरा गोल्ड मेडल दिलाया। उन्होंने मेन्स जेवलिन थ्रो एफ-64 कैटेगिरी में अपना बेस्ट थ्रो किया और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारत के ही संजय इसी कैटेगिरी में चौथे स्थान पर रहे।
डिस्कस थ्रो में मिला सिल्वर
भारत के पैरा खिलाड़ी योगेश कथूनिया को डिस्कस थ्रो में सिल्वर मेडल हासिल हुआ। योगेश पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ -56 कैटेगरी में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में भी अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत सिल्वर मेडल जीता था।
शीतल देवी-राकेश ने दर्ज की जीत
भारत की चर्चित पैरा आर्चर शीतल देवी ने भी अपना ओलंपिक मेडल जीतने का सपना पूरा कर लिया। मिश्रीत टीम स्पर्धा में शीतल देवी और राकेश कुमार की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। पैरा आर्चरी में भारत का यह पहला मेडल है।