देवरिया। पेरिस पैरालंपिक के तीसरे दिन, शनिवार को भारत ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। महिला निशानेबाज रुबीना फ्रांसिस ने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल (SH1) इवेंट में कांस्य पदक जीता। फाइनल मुकाबले में रुबीना ने 211.1 अंक हासिल किए, जिससे भारत का पेरिस पैरालंपिक में कुल पदक संख्या पाँच हो गई।
पिस्टल शूटिंग में पहला मेडल
रुबीना फ्रांसिस फाइनल के स्टेज 1 के बाद तीसरे स्थान पर थीं। उन्होंने इस स्टेज के 10 शॉट्स में कुल 97.6 (10.7, 10.3, 10.3, 9.7, 9.0, 8.4, 10.0, 9.8, 9.6, 9.8) का स्कोर किया। स्टेज 2 में भी रुबीना ने अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखा। यह मेडल न केवल रुबीना के लिए बल्कि भारत के लिए भी बेहद ऐतिहासिक है, क्योंकि वह पिस्टल शूटिंग में पैरालंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
जबलपुर की रहने वाली हैं रुबीना
मध्य प्रदेश के जबलपुर की पैरा पिस्टल शूटर रुबीना फ्रांसिस ने हाल के दिनों में भारत के लिए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वह इससे पहले भी कई इवेंट्स में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। इससे पहले रुबीना ने वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप-2023 में 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा, उन्होंने पैराशूटिंग वर्ल्ड कप में पी-6 एयर पिस्टल मिश्रित टीम इवेंट में गोल्ड मेडल भी हासिल किया है। रुबीना की मां, सुनीता फ्रांसिस, जबलपुर के प्रसूतिका गृह में नर्स हैं, जबकि उनके पिता साइमन मोटर मैकेनिक का काम करते हैं।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने रुबीना को बधाई दी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रुबीना फ्रांसिस को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा- “पेरिस पैरालंपिक 2024 में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल (SH1) स्पर्धा में भारतीय निशानेबाज और जबलपुर की बेटी रुबीना फ्रांसिस को कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपकी यह जीत देश और प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए संघर्ष से सफलता का प्रेरणास्त्रोत बनेगी। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि आपकी इस जीत का क्रम लगातार जारी रहे और आप इसी तरह देश और मध्यप्रदेश को गर्वित करती रहें।”