देवरिया। संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लगातार गतिरोध बना हुआ है। विपक्षी दलों के सांसद बीते तीन दिनों से सदन की कार्यवाही शुरू होते ही इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं, जिससे स्पीकर को हर दिन कार्यवाही स्थगित करनी पड़ रही है। अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
विपक्ष ने लगाया चर्चा टालने का आरोप
विपक्ष का आरोप है कि सरकार जानबूझकर चर्चा टाल रही है। कांग्रेस नेता के. सुरेश ने कहा कि हमारी मांग है कि चर्चा तुरंत शुरू हो और गृह मंत्री एवं रक्षा मंत्री दोनों सदन में मौजूद रहें। वहीं, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि विपक्ष चर्चा को लेकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन सरकार यह स्पष्ट नहीं कर रही कि चर्चा कब से शुरू होगी।
राज्यसभा में 9 घंटे की चर्चा निर्धारित
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद के दोनों सदनों में विस्तार से चर्चा कराने का निर्णय लिया है। बिजनेस एडवाइजरी कमिटी में तय हुआ है कि लोकसभा में 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे चर्चा होगी। संभावना है कि इस अहम चर्चा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी भाग ले सकते हैं। पीएम की विदेश यात्रा के चलते चर्चा अगले सप्ताह
फिलहाल प्रधानमंत्री मोदी दो देशों की यात्रा पर रवाना हो चुके हैं, इसी कारण चर्चा को अगले सप्ताह के लिए टाल दिया गया है। लोकसभा में चर्चा के दौरान सभी दलों को उनके प्रतिनिधित्व के आधार पर वक्त मिलेगा। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पीएम मोदी ने स्वयं कहा है कि यह सत्र देश की जीत का उत्सव (विजयोत्सव) होगा और वे सेना के साहस और पराक्रम का सम्मान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।