देवरिया। लोकसभा स्पीकर का चुनाव संपन्न हो चुका है, ओम बिरला को दूसरी बार ध्वनिमत से लोकसभा का नया स्पीकर चुन लिया गया है। ओम बिरला के लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद पीएम मोदी और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें स्पीकर के आसन तक ससम्मान पहुंचाया। 18वीं लोकसभा का सत्र शुरु होने के बाद से ही स्पीकर के चुनाव को लेकर काफी गहमागहमी थी। विपक्ष स्पीकर के चुनाव की मांग कर रहा था।


विपक्ष ने नहीं की डिविजन की मांग
जैसा कि सत्र के शुरु से ही स्पीकर के चुनाव को लेकर विपक्ष विरोधी स्वर में था उसके बाद ओम बिरला के नाम पर विपक्ष का विरोध ना करना सबके लिए आश्चर्य का विषय बन गया। ओम बिरला के चुने जाने के बाद ध्वनिमत पर विपक्ष ने डिविजन की मांग नहीं की। उम्मीद यही की जा रही थी कि विपक्ष वोटिंग की मांग करेगा और फिर पूरी प्रक्रिया के तहत मतदान होगा। लेकिन ध्वनिमत से बिरला को अध्यक्ष चुने जाने पर विपक्ष ने वोटिंग की मांग ही नहीं रखी और इसे स्वीकार भी कर लिया।


दूसरी बार स्पीकर बनने पर पीएम ने दी बधाई
ओम बिरला तीसरी बार कोटा से सांसद चुन कर आए हैं। लगातार दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने पर पीएम दी ने उन्हों बधाई दी। दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बनकर ओम बिरला ऐसे दूसरे शख्स बन गए हैं जिन्हें लगातार दूसरी बार स्पीकर के लिए चुना गया है। इससे पहले बलराम जाखड़ 9 सालों तक स्पीकर रहे थे। अब अगर ओम बिरला पूरे 5 साल पूरे कर लेते हैं तो लगातार दस सालों तक लोकसभा स्पीकर बनने का रिकॉर्ड बना लेंगे। अबतक कोई भी 10 सालों तक स्पीकर के पद पर नहीं रहा है।


हमारा विश्वास है कि आप 5 सालों तक सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे: PM
ओम बिरला के लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि- “हमारा विश्वास है कि आप आने वाले पांच साल तक हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे”। सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अध्यक्ष पद के लिए ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा उसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इस प्रस्ताव को प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने सदन में मतदान के लिए रखा और इसे सदन ने ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। स्पीकर के चुनाव के बाद प्रोटेम स्पीकर महताब ने ओम बिरला को ध्वनीमत से लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। ओम बिरला के स्पीकर का आसन ग्रहण करते ही सभी ने उन्हें बधाई दी।