देवरिया। पेरिस ओलंपिक में डिस्क्वालिफाइ होने के बाद भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने रेसलिंग से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपनी मां के नाम सोशल मीडिया पर एक संदेश लिखकर अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। 50 किलो वर्ग ग्राम से खेल रहीं विनेश फाइनल मुकाबले तक पहुंच चुकी थीं। लेकिन फाइनल मैच की सुबह उनका वजन 50 किलोग्राम से 100 ग्राम अधिक आने पर उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

मां के नाम लिखा यह संदेश

विनेश ने अपने एक्स हैंडल पर मां को एक भावुक मैसेज लिखा-

“ मां कुश्ती मेरे से जीत गई मैं हार गई माफ करना, आपका सपना, मेरी हिम्मत सब टूट चुके इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब।
अलविदा कुश्ती 2001-2002
आप सबकी हमेशा ऋणि रहूंगी”

उनके इस ट्विट को री ट्विट करके उनकी चचेरी बहन और रेसलर गीता फोगाट ने लिखा है- “बहन आपने जो देश के लिए किया है उसके लिए हम सब आपके ऋणि रहेंगे। सदियो तक आपके जज्बे और संघर्ष को याद रखा जाएगा। आप सभी लड़कियों की आदर्श हैं। आपका इस तरह कुश्ती को अलविदा कहना पूरे परिवार के साथ पूरे देश के लिए बहुत दुखद है।”

विनेश ने सिल्वर के लिए की है अपील

विनेश ने खेल पंचाट या कैस, यानी कोर्ट ऑफ स्पोर्ट्स से अपील की है कि उन्हें सिल्वर मेडल दिया जाए। विनेश ने मंगलवार को लगाता तीन मैच खेले और तीनों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। तब तक उनका वजन मानक वजन से कम ही था। बुधवार को फाइनल मैच से पहले उनका वजन 100 ग्राम बढ़ गया था जिसकी वजह से उन्हें ओलंपिक के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उनकी अपील पर फैसला आना अभी बाकी है।