देवरिया। अमेरिका में महिलाओं के द्वारा अपने एग प्रिजर्व कराने का चलन काफी पहले से ही शुरु हो चुका है। वहां महिलाएं अपने करियर को शादी और बच्चों से ज्यादा महत्व देती हैं इस वजह से अधिक उम्र में शादी करती हैं। शादी के बाद बच्चों के जन्म में किसी तरह की कोई दिक्कत ना आए इसलिए महिलाएं एग फ्रीज करवाती आ रही हैं। लेकिन हाल ही में पता चला है कि पिछले 5 सालों में महिलाओं के द्वारा अपने एग फ्रीज कराने का प्रतिशत 150 फीसदी बढ़ गया है। जिसके पीछे सिर्फ करियर नहीं बल्की काबिल पतियों का नहीं मिलना भी बताया जा रहा है।
नहीं मिल रहे सही जीवन साथी
येल यूनिवर्सिटी में मेडिकल एंथ्रोपोलोजी की प्रोफेसर मार्सिया इनहॉर्न एग फ्रीज करने वाली महिलाओं की बढ़ती संख्या का कारण बताते हुए कहती हैं कि- अब सिर्फ करियर वजह नहीं रही। ज्यादातर महिलाएं इसलिए एग फ्रीज करा रही हैं कि उन्हें ऐसे साथी नहीं मिल रहे हैं, जिनके साथ वे जिंदगी गुजारने का फैसला ले सकें। इसलिए शादियां देर से हो रही हैं। दरअसल, अमेरिका में महिलाएं हर मामले में पुरुषों से आगे निकल रही हैं। उनकी औसत सैलरी बढ़ी है। उच्च शिक्षा में महिलाएं पुरुषों से आगे हैं। अमेरिका में ही पुरुषों के मुकाबले महिलाएं 27% ज्यादा उच्च शिक्षित हैं। यह हाल अकेले अमेरिका का नहीं है। दुनिया के 60% देशों में उच्च शिक्षित महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। ऐसे में कम शिक्षित पुरुषों से शादी करना बेमेल विवाह जैसी स्थिति पैदा करता है, जिससे आगे आपसी रिश्तों में दिक्कतें हो सकती हैं। इनहॉर्न कहती हैं- 20 से 39 साल की शादी योग्य लाखों लड़कियों के लिए अमेरिका में कुछ ही कॉलेज ग्रेजुएट लड़के हैं। ज्यादातर लड़कियां योग्य वर की तलाश में बूढ़ी हो रही हैं।
महिला सशक्तिकरण बना दूसरी वजह
एग फ्रीज कराने के मामले बढ़ने की दूसरी महत्वपूर्ण वजह महिला सशक्तिकरण है। एग फ्रीज कराना तमाम तकनीकी विकास होने के बावजूद बहुत सस्ता नहीं है। इसमें 16 से 20 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं। लेकिन महिलाएं स्वयं आर्थिक तौर पर इतनी सक्षम हो गई हैं कि वे इसका खर्च उठा पा रही हैं। दूसरी ओर, कई महिलाओं के लिए उनकी कंपनियां ही यह सुविधा दे रही हैं, ताकि वे लंबे समय तक काम कर सकें।
अब सिर्फ 20 की उम्र में ही करा रही एग फ्रीज
एग फ्रीजिंग इंडस्ट्री में लंबा अनुभव रखने वाली फर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉक्टर निकोलो नोयस और एमी इव्याजेद्दा कहती हैं- “2 दशकों में सोच बदली है। पहले एग फ्रीज कराने आने वाली महिलाएं फर्टिलिटी के आखिरी पड़ाव पर आकर एग फ्रीजिंग के लिए आती थीं। उनकी उम्र 40 के आसपास हुआ करती थी। अब 2-25 की उम्र में ही महिलाएं एग फ्रीज कराने आ रही हैं। वे सक्षम भी हैं और अपने करिअर लक्ष्यों के प्रति साफ हैं।”