भारतीय रेलवे यात्रियों को जल्द ही नई सौगात देने वाला है। ट्रेन से यात्रा पसंद करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे ने वंदे भारत ट्रेनों का अपडेट वर्जन वंदे भारत 2 तैयार कर लिया है। नई सुविधाओं और आधुनिक टेक्नीक्स से लैस वंदे भारत 2 के 30 सितंबर तक पटरी पर दौड़ने की संभावना है। नई वंदे भारत एक हाई स्पीट ट्रेन है। इसमें यात्रियों की सुविधा का खास ख्याल रखा गया है। 30 सितंबर को अहमदाबाद से नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जा सकता है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार ट्रेन को सीआरएस मंजूरी मिल चुकी है।
इन सुविधाओं से लैस है वंदे भारत एक्सप्रेस
नई वंदे भारत एक्सप्रेस में कई आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं का ध्यान रखा गया है, जो यात्रियों के सफर को आरामदायक और यादगार बनाएगी। आइए जानते हैं ट्रेन में कौन-कौन सी नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं।
· ट्रेन का वजन कम किया गया है, इसके साथ ही ट्रेन की स्पीड पहले से तेज होगी
· 32 इंज के एलसीडी की सुविधा वाई-फाई के साथ होगी। जिसमें यात्री अपनी पसंदीदा चीजें देख सकते हैं।
· साफ हवा के लिए ट्रेन में सिस्टम लगा होगा। इस सिस्टम के जरिए हवा फिल्टर होगी और कीटाणुओं, बैक्टीरिया और वायरस की सफाई होगी।
· नई ट्रेन की सीट भी पहले से ज्यादा आरामदायक होगी। यात्री इसे अपनी सुविधानुसार आगे या पीछे कर सकते हैं।
क्या हो सकता है वंदे भारत का किराया
नई वंदे भारत एक्सप्रेस की सुविधाएं जानने के बाद लोगों में ट्रेन के किराए को लेकर काफी उत्सुकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली इस एक्सप्रेस में एग्जीक्यूटिव क्लास के पैसेंजर्स को 2 हजार 349 रुपए बेस फेयर देना होगा और चेयर कार के लिए बेस फेयर 1 हजार 144 रुपए हो सकता है।
बढ़ाई जा सकती है वंदे भारत ट्रेनों की संख्या
भारतीय रेलवे 15 अगस्त 2023 से पहले 75 वंदे भारत ट्रेनों को तैयार करने की सोच रही है। पहली वंदे भारत के शुरू होने के बाद बाकी ट्रेनों को बनाने का काम शुरू किया जाएगा।