देवरिया।उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी के लिए सरकार ने एक नया नियम लागू किया है। सरकारी नौकरी के लिए युवाओं को अब शैक्षणिक योग्यता, कास्ट सर्टिफिकेट और दूसरे दस्तावेजों के साथ कई शपथ पत्र भी देनें होंगे जिसमें शादी संबंधी, दहेज संबंधी, संपत्ति समेत कई जानकारियां देनी होंगी। सरकार द्वारा मांगे गए शपथ पत्र नौकरी का आदेश आने के एक महीने के अंदर पेश करना होगा।

शादी, दहेज और कर्ज समेत इन बातों का होगा शपथ पत्र

नौकरी पान वाले को सरकार के समक्ष शादी संबंधी, दहेज न लेने का शपथपत्र, कर्जदार या डिफाल्टर न होने का शपथपत्र, एक या एक से अधिक पत्नी होने की जानकारी देनी होगी। साथ ही उन्हें अपनी चल और अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा भी देना होगा। राज्य और प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा में सफल हुए सभी युवाओं को ये सारे प्रमाणपत्र जमा करना अनिवार्य होगा। नियम नहीं मानने की स्थिति में उन्हें नौकरी के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

नियम के पीछे क्या है सरकार की मंशा
इस प्रकार के नियम के पीछे सरकार का उद्देश्य समाज से दहेज जैसी बुराइयों को दूर करना है। शपथ पत्र से व्यक्ति की मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी होगी। कर्ज आदि की जानकारी मिलने से भ्रष्टाचार को कम करने में सहायता मिलेगी। सरकार नौकरी देन से पहले व्यक्ति की सोच को भी जांचना और परखना चाहती है।