देवरिया।नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी का नाम 15 अगस्त से आधिकारिक रूप से बदल दिया गया है। नेहरू मेमोरियल अब पीएम म्यूजियम एंड लाइब्रेरी कहलाएगी।जून 2023 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई एक विशेष बैठक में नेहरू स्मारक संग्रहालय का नाम बदलने का फैसला लिया गया था। 14 अगस्त से बदला हुआ नाम प्रभावी हो गया है।


ट्विटर के माध्यम से दी गई जानकारी
नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एवं लाइब्रेरी का नाम बदले जाने की जानकारी पीएम म्यूजिएम एंड लाइब्रेरी के कार्यकारी परिषद के उपाध्यक्ष ए. सूर्य प्रकाश ने दी। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा- “सोसायटी के लोकतंत्रीकरण और विविधीकरण के अनुरूप, नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय (एनएमएमएल) अब 14 अगस्त 2023 से प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) सोसायटी है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया संग्रहालय का प्रस्ताव
दिल्ली में स्थित तीन मूर्ति भवन एक समय में पंडित जवाहर लाल नेहरू का आधिकारिक निवास था। बाद में इस भवन को म्यूजियम बनाया गया और जवाहर लाल नेहरू के नाम पर नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी नाम दिया गया। 2016 में प्रधानमंत्री मोदी ने नेहरू मेमोरियल में सभी प्रधानमंत्रियों को समर्पित म्यूजियम बनाने जाने का प्रस्ताव रखा था जिसे नेहरू मेमोरियल के कार्यकारी परिषद ने भी मंजूर कर लिया था।

बाद में नाम बदलने पर हुआ विचार
संग्रहालय के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद 2022 तक सभी प्रधानमंत्रियों को समर्पित संग्रहालय बनकर तैयार हो गया और उसी साल अप्रैल में इसे आम जनता के लिए खोल भी दिया गया। क्योंकि यह संग्रहालय सभी प्रधानमंत्रियों को ध्यान में रखकर बनाया गया था, कार्यकारी परिषद ने नाम में भी बदलाव किए जाने का विचार किया। जून 2023 में कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक के बाद इसे नया नाम पीएम म्यूजियम एंड लाइब्रेरी नाम देने का फैसला किया।