देवरिया। नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वालिफिकेशन राउंड में 84.85 मीटर की दूरी तक भाला फेंकते हुए अपने ग्रुप में तीसरा और कुल मिलाकर छठा स्थान हासिल किया। वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने शुरुआत में 76.99 मीटर का थ्रो किया और दूसरा प्रयास 74.17 मीटर का रहा, जिससे ऐसा लगा कि वह फाइनल में नहीं पहुंच पाएंगे। लेकिन उन्होंने आखिरी और तीसरे प्रयास में जबरदस्त वापसी करते हुए 85.28 मीटर का थ्रो फेंका और पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में क्वालीफाई कर लिया।
इस तरह रहा क्वालिफिकेशन राउंड
क्वालिफिकेशन राउंड में ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 89.53 मीटर का थ्रो फेंका और शीर्ष स्थान हासिल किया। पोलैंड के डेविड वेगनेर ने 85.67 मीटर की दूरी तय की, जबकि केन्या के जूलियस येगो ने 85.96 मीटर का थ्रो फेंकते हुए तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन ने ग्रुप बी से 84.72 मीटर का थ्रो फेंककर ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क पार करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
ऐतिहासिक जीत की ओर नीरज चोपड़ा
अब नीरज चोपड़ा की नजरें एक और ऐतिहासिक उपलब्धि पर हैं वे लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच सकते हैं। अगर वे यह कारनामा करते हैं, तो वे इतिहास में लगातार दो वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले तीसरे पुरुष भाला फेंक खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले यह उपलब्धि चेक गणराज्य के यान जेलेज्नी (1993, 1995) और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (2019, 2022) ने हासिल की थी। गौरतलब है कि जेलेज्नी, नीरज के कोच भी हैं।