देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़े बदलाव और बड़े फैसलों के लिए जाने जाते हैं। जिसके चलते उन्हें काफी विरोध का भी सामना करना पड़ता है। एक बार फिर उन्होंने बड़े बदलाव का फैसला लिया है। उत्तर प्रदेश में अब 11वीं और 12वीं कक्षा के सिलेबस से मुगलों का इतिहास हटा दिया जाएगा। फैसले के बाद यूपी बोर्ड के साथ-साथ CBSE ने भी अपने सिलेबस में बदलाव किया है।
नए सिलेबस से ये पाठ हटाए गए
नए पाठ्यक्रम के अनुसार 11वीं और 12वीं के किताबों से कुछ पाठ हटा दिए गए हैं, जिनमें से 11वीं कक्षा के सिलेबस से ‘इस्लाम का उदय’, ‘औद्योगिक क्रांति’, ‘संस्कृतियों में टकराव’ और ‘समय की शुरुआत’ हटा दिए गए हैं। वहीं नागरिक शास्त्र के सिलेबस से ‘शीत युद्द’ और ‘अमेरिकी वर्चस्व’ को हटा दिया गया है।
NCERT ने भी किए बदलाव
NCERT ने भी सत्र 2023-24 के लिए पाठ्यक्रम में बदलाव किया है। 12वीं के इतिहास के पाठ्यक्रम से मुगल दरबार और शासकों से जुड़े पाठ को हटाया गया है। साथ ही ‘अकबरनामा’, ‘मुगल शासक और उनका साम्राज्य’, ‘शाही नौकरशाही’, ‘’सूचना तथा सम्राज्य’ और ‘औपचारिक धर्म’ से जुड़े पाठ भी अब सिलेबस में शामिल नहीं हैं।
मुगलों से जुड़े नामों में पहले भी हो चुके हैं बदलाव
उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले भी मुगलों के नाम से चल रहे कई स्थानों के नाम में परिवर्तन किया है। जिसे लेकर दूसरे दलों ने आपत्ति भी जताई थी। अब सिलेबस से मुगलों को हटाया जाना भी विपक्ष के लिए मुद्दा बन सकता है।