देवरिया। आज के समय में घटित होने वाली घटनाएं इंसानियत से भरोसा उठा रही हैं। ऐसा लगने लगा है कि मानवता और ईमानदारी खत्म होने लगी है। लेकिन कहते हैं न ये धरती अच्छाइयों की वजह से बची हुई है, तो इसका उदाहरण भी बुराइयों के बीच मिलता रहता है। ऐसा ही एक उदाहरण मध्यप्रदेश में देखने को मिला। राज्य पुलिस ने सोशल मीडिया में एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में जहां एक तरफ एक DSP ने अपनी ड्यूटी से आगे बढ़कर एक बुजुर्ग दंपति को उनके घर तक पुलिस की गाड़ी में पहुंचाया, तो दूसरी तरफ स्वाभिमानी बुजुर्ग महिला ने DSP को किराए के रूप में पैसे देना चाहा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को जिसने भी देखा वह भावुक हो गया। आइए जानते हैं क्या है पूरा वाकया।
बस नहीं चलने से पैदल ही सफर कर रहे थे बुजुर्ग
DSP संतोष पटेल ने होली के दिन सड़क पर एक बुजुर्ग दंपति को देखा। त्योहार की वजह से बस नहीं चलने की वजह से वो अपने गांव पैदल चलकर ही जा रहे थे। DSP ने अपनी गाड़ी रोकी और उन्हें गाड़ी पर बैठाया। उन्होने उनसे पूछा उन्हें कहां जाना है फिर उन्हे अपनी ही गाड़ी से घर तक पहुंचाया। पूरे सफर के दौरान उन्होंने दंपति से बहुत सारी बात की जो सुनने में काफी मजेदार हैं।
महिला ने साड़ी के पल्लू में बंधे पैसे दिए
वीडियो में DSP ने क्षेत्रीय भाषा में बड़ी आत्मीयता से बुजुर्ग महिला से बात की। DSP ने उन्हें महिला दिवस के बारे में बताकर उन्हें बधाई दी और मिठाई भी खिलाई। सफर के दौरान महिला ने उन्हें किराए के रूप में अपने पल्लू के छोर में बंधे पैसे भी देने चाहे। जब संतोष पटेल ने पैसे लेने से इनकार किया तो उन्होंने दिल से उन्हें ढेर सारा आशीर्वाद दिया, जिसे देखकर लोगों का दिल पसीज गया।
सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं DSP संतोष पटेल
मध्यप्रदेश ग्वालियर के DSP संतोष पटेल किसी ना किसी वजह से सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। कुछ दिन पहले ही उनका अपनी मां के साथ एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो खेत में घास काट रही अपनी मां से मिलने गए थे। उन्होंने अपनी मां और अपने बीच हुए बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा काम किया है, जिसे देखकर लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। संतोष पटेल वर्तमान में ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र में SDOP के रूप में सेवा दे रहे हैं।