देवरिया। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए एक दर्दनाक हादसे में सौ से भी ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। दरअसल हाथरस के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में भोलेबाबा नाम के संत का सतसंग चल रहा था। जिसे सुनने के लिए लोग हजारों की संख्या में पहुंचे थे। भीड़ बहुत ज्यादा होने की वजह से भगदड़ मची जिसमें कई लोग एक के ऊपर एक गिरते चले गए और हादसा इतना बड़ा हो गया। मरने वालों में महिलाओं और छोटे बच्चों की संख्या ज्यादा है।
बाबा की चरण धुली लेने को लेकर मची भगदड़
हादसे के वक्त मौजूद लोगों के मुताबिक लोगों ने बताया कि, जैसे ही बाबा का सतसंग पूरा हुआ और बाबा मंच से उतरकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़े। लोगों की भीड़ उनके पैर छूने और पैर की धुली लेने एक साथ एक ही स्थान की तरफ भागे। बहुत से लोग बाबा की गाड़ी के दोनों तरफ झूमे हुए थे। भीड़ बहुत ज्यादा होने और नीचे गीली चिकनी मिट्टी होने की वजह से लोग गिरे और फिर गिरते चले गए। जिससे दम घुटने से कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस कमिश्नर ने 107 लोगों के मरने की पुष्टी की
हादसे के बाद वो बाबा जिसका सतसंग सुनने लोग हजारों की संख्या में पहुंचे हुए थे वो तो जा चुके थे लेकिन मौके पर अफरा-तफरी और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। सतसंग वाली जगह पर इधर-उधर लाशे बिखरी पड़ी थीं। लोग अपने परिजनों को जो साधन मिला उससे ही अस्पताल ले जा रहे थे। ऑटो, प्राइवेट गाड़ियां और बाइक पर भी कुछ लोग अपने परिजनों को अस्पताल ले जा रहे थे तो कुछ लोग अपने परिजनों के शवों को रखे हुए थे। जिसने भी यह मंजर देखा उसका दिल दहल गया। मौके पर मौजूद पुलिस कमिशनर ने 107 लोगों की मृत्यु की पुष्टी की है। लेकिन हादसे के वक्त मौजूद लोगों का कहना है कि मौत का आंकड़ा 150 के करीब हो सकता है।
सीएम ने ली आपात बैठक, मुआवजे का ऐलान
हाथरस की घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास पर वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकें ली और घटना से जुड़ी सारी जानकारी ली। घटना की रिपोर्ट के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों, असीम अरुण, संदीप सिंह और लक्ष्मी नारायण चौधरी के साथ मुख्य सचिव और डीजीपी को मौके पर भेजा। मुख्यमंत्री का साफ निर्देश है कि घटना का दोषी कोई हो, बचेगा नहीं, उस पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़ी किसी प्रकार की भी सहायता की जरूरत हो तो यूपी प्रशासन के तरफ से जारी हेल्प लाइन नंबर इस प्रकार है- 05722227041 और 05722227042 । सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता दिए जाने का ऐलान किया है
पीएम मोदी ने संसद में किया हादसे का जिक्र
लोकसभा में भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक हादसे की सूचना पहुंची तो उन्होंने शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि- “उत्तर प्रदेश के हाथरस में मची भगदड़ में कई लोगों के मरने की खबर है। मैं इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी लगातार उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हैं। मैं इस सदन के माध्यम से सभी को आश्वस्त करता हूं कि पीड़ितों की हरसंभव मदद की जाएगी।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथरस में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।