देवरिया। मध्य प्रदेश में हरदा जिले के बैरागढ़ की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भयंकर विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई है। ब्लास्ट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना भयानक था कि आसपास के गांवों तक धमाके की आवाज गूंजी। इसका असर 40 किलोमीटर दूर तक महसूस किया गया, कच्चे मकान गिर गए, पास की बिल्डिंग के खिड़कियों के कांच भी चटक गए। जो जहां था, वहीं से जान बचाने के लिए भागा। प्रदेश सरकार के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक और मुख्य आरोपी राजेश अग्रवाल समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
धमाके से उड़े पत्थर, टीन शेड से भी गई जान
पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद आस पास के कच्चे मकान भी धराशाई हो गए और छत पर लगे टीन के शेड हवा में उड़ने लगे। इन टीन शेड की चपेट में आने से भी कई लोग घायल हुए। बड़े-बड़े पत्थर भी उड़ कर दूर तक गए इससे भी एक शख्स की जान चली गई। फैक्ट्री में हुए धमाके की चपेट में आने से 11 लोगों की जान चली गई, वहीं करीब 200 लोग घायल हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घायलों का इलाज जारी
हरदा के आस-पास के क्षेत्र से एंबुलेंस पहुंचाई गई। घायलों को लाने के लिए ग्रीन कॉरीडोर बनाया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इमरजेंसी विभाग और आईसीयू पहुंचे और हरदा विस्फोट हादसे में घायल हुए नागरिकों से भेंट कर उनका हाल-चाल पूछा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी घायलों का बेहतर उपचार होगा। चिकित्सा विशेषज्ञों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
2 से 3 दिन में बुझेगी पूरी आग: रेस्क्यू टीम
हरदा पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट के बाद रेस्क्यू टीम के द्वारा मलबे को हटाने के दौरान एक और ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के घंटों बाद भी रह-रहकर चिंगारियां उठ रही हैं। फायर फाइटर्स का कहना है कि इस आग को बुझाने में दो से तीन लगेंगे। मलबे और बारूद पर लगातार पानी छिड़का जा रहा है। इस बीच रेस्क्यू ऑपरेशन थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया है। रेस्क्यू टीम अब पहले पूरे इलाके पर पानी का छिड़काव करेगी। टीम को आशंका है कि बारूद का ढेर कहीं और न रखा हुआ हो। अगर कहीं और भी बारूद का ढेर हुआ तो एक और हादसा हो सकता है।
सीएम मोहन यादव ने दिए निर्देश, मुआवजे की घोषणा
हादसे के बाद सीएम ने तत्काल बैठक बुलाई और तुरंत कार्रवाई करने और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। सीएम ने सभी जिले के कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि यथाशीघ्र अपने जिले में संचालित पटाखा फैक्ट्री का निरीक्षण कर शासन को प्रतिवेदन दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि घायलों के उपचार में कोई कमी न रहे और मृतकों एवं घायलों के परिजनों को सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाये।
पीड़ितों को मुआवजे का ऐलान
सीएम यादव ने राज्य सरकार की ओर से हरदा हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रूपए, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपए और साधारण रूप से घायलों को 50 हजार रूपए की सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक मृत व्यक्ति के परिवार के लिए दो-दो लाख रूपए और घायल व्यक्ति के लिए 50 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की है।
सभी जिलों में कार्रवाई जारी
हरदा जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस और प्रशासन की टीम बनाकर जांच की जा रही है। मानदंडों के अनुरूप पटाखा फैक्ट्री का संचालन न पाए जाने पर कार्रवाई की जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रदेश में फटाका फैक्ट्री का संचालन सभी सुरक्षा मानदंडों को ध्यान में रखते हुए ही किया जाए।