देवरिया : हिंदू पंचांग के अनुसार हर महीने के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मासिक दुर्गाष्टमी मनाई जाती है। ज्येष्ठ माह में दुर्गाष्टमी का पर्व 8 जून को पड़ रहा है। किसी भी माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि मां दुर्गा को समर्पित होती है। दुर्गाष्टमी के दिन मां दुर्गा की विधि-विधान के साथ पूजा की जाती है। इस दिन सच्चे मन से मां दुर्गा की पूजा करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। जीवन में चल रही समस्याओं से मुक्ति मिलती है। मां दुर्गा अपने भक्तों की संकटों से रक्षा करती हैं। दुर्गा अष्टमी व्रत 8 जून को रखा जाएगा।
मासिक दुर्गाष्टमी का महत्व
मासिक दुर्गाष्टमी के दिन व्रत व पूजन करने से मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त होता है। मान्यता है कि मां आदिशक्ति अपने भक्तों के कष्टों को दूर करती हैं। दुर्गाष्टमी व्रत करने से घर में खुशहाली, सुख-समृद्धि और धन आता है।
दुर्गाष्टमी पूजा विधि
इस दिन सुबह उठकर जल्गी स्नान कर लें, फिर पूजा के स्थान पर गंगाजल डालकर उसकी शुद्धि कर लें। घर के मंदिर में दीप प्रज्वलित करें। मां दुर्गा का गंगा जल से अभिषेक करें। मां को अक्षत, सिन्दूर और लाल पुष्प अर्पित करें, प्रसाद के रूप में फल और मिठाई चढ़ाएं। धूप और दीपक जलाकर दुर्गा चालीसा का पाठ करें और फिर मां की आरती करें।