देवरिया। गुरुवार को माकपा के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी (Sitaram Yechury) का निधन हो गया। सीताराम येचुरी 72 वर्ष के थे। कुछ समय से उनका इलाज चल रहा था और वो एम्स में भर्ती थे। काफी समय से उनकी हालत काफी गंभीर थी उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था।
निमोनिया की शिकायत पर हुए थे भर्ती
पार्टी की तरफ से मंगलवार को जानकारी साझा की गई थी कि सीताराम येचुरी ने हाल ही में मोतियाबिंद की सर्जरी करवाई थी। बाद में उन्हें निमोनिया की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। येचूरी 19 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुए थे। गुरुवार को दोपहर 3:5 पर उनका निधन हुआ।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने सीताराम येचुरी के निधन पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा- “श्री सीताराम येचुरी जी के निधन से दुखी हूँ। वे वामपंथ के अग्रणी नेता थे और सभी राजनीतिक दलों से जुड़ने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने एक प्रभावी सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
राहुल गांधी ने दुख प्रकट किया
सीताराम येचुरी के निधन पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दुख प्रकट किया है। राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया कि सीताराम येचुरी जी मेरे मित्र थे। भारत के विचार के रक्षक और हमारे देश की गहरी समझ रखने वाले थे। मुझे हमारी लंबी चर्चाएं याद आएंगी। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।