देवरिया। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक निजी बस में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया है। बताया जा रहा है बस बारातियों को लेकर जा रही थी। रास्ते में बस हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गई और बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 20 से ज्यादा लोगों की मरने की खबर है। बहुत से लोगों को गंभीर रूप से झुलसी हुई स्थिति में अस्पताल में भर्ती किया गया है। मरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
मरदह के पास हुआ हादसा
आपको बता दें यह बस करीब 38 बारातियों को लेकर मऊ से महाहर धाम जा रही थी। बस में सवार बारातियों में महिलाओं के साथ छोटे बच्चे भी सवार थे। मरदह के पास पहुंचते ही अचानक हाई टेंशन तार बस पर गिर गया और देखते ही देखते पूरे बस में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग और धुआं इतना ज्यादा था कि अंदर बैठे लोगों को संभलने या अपनी जान बचाने का मौका ही नहीं मिला। एक या दो लोगों ने किसी तरह खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर भयंकर चीख-पुकार मच गई थी। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी थी।
सीएम योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम योगी ने लिखा- “जनपद गाजीपुर में एक दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख एवं गंभीर रूप से घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता एवं उनके निःशुल्क उपचार के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
राज्य मंत्री ने जाना घायलों का हाल
घटना की सूचना मिलते ही राज्य मंत्री अनिल राजभर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया था।