देवरिया। बिहार की चर्चित लोक गायिका मैथिली (maithili thakur) ठाकुर इन दिनों राजनीति के गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। खबर है कि वे इस साल यानी 2025 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि पार्टी की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बीजेपी नेताओं नित्यानंद राय और विनोद तावड़े से उनकी हालिया मुलाकात के बाद से अटकलें तेज हो गई है। अब सवाल उठ रहे हैं कि मैथिली को किस विधानसभा सीट से टिकट दिया जा सकता है।

बेनीपट्टी से चुनाव लड़ने की

सूत्रों के मुताबिक, बेनीपट्टी और अलीनगर दो ऐसी सीटें हैं जहां से मैथिली ठाकुर (maithili thakur) को टिकट मिलने की संभावना जताई जा रही है। बेनीपट्टी सीट मधुबनी जिले में आती है और यही मैथिली ठाकुर का होम टाउन है। यह इलाका ब्राह्मण मतदाताओं का गढ़ माना जाता है। राजनीतिक इतिहास देखें तो इस सीट पर अब तक ज्यादातर ब्राह्मण उम्मीदवारों ने ही जीत दर्ज की है। 1972 से लेकर अब तक तेज नारायण झा, युगेश्वर झा और विनोद नारायण झा जैसे ब्राह्मण नेताओं ने यहां से कई बार जीत हासिल की है। 2015 में कांग्रेस की भावना झा ने यहां जीत दर्ज की थी, जबकि 2020 में यह सीट फिर से विनोद नारायण झा (बीजेपी) के खाते में गई। ऐसे में यह सीट मैथिली ठाकुर के लिए स्वाभाविक विकल्प मानी जा रही है।

अलीनगर सीट पर भी बन सकती है बात

वहीं, अगर पार्टी रणनीतिक कारणों से उन्हें बेनीपट्टी से टिकट नहीं देती है, तो दरभंगा जिले की अलीनगर सीट उनके लिए दूसरा विकल्प हो सकती है। अलीनगर के मौजूदा विधायक मिश्री लाल यादव (बीजेपी) पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप हैं और उनके आरजेडी में शामिल होने की अटकलें भी तेज हैं। यदि ऐसा होता है, तो यह सीट खाली हो सकती है, जिससे मैथिली ठाकुर के लिए रास्ता आसान हो जाएगा।

स्टार प्रचारक भी बन सकती हैं मैथिली

इसके अलावा, पार्टी नेतृत्व यह भी सोच रहा है कि मैथिली ठाकुर को सीधे चुनाव मैदान में उतारने के बजाय स्टार प्रचारक के रूप में पेश किया जाए। उनके लोकप्रियता और युवाओं के बीच प्रभाव को देखते हुए बीजेपी को उम्मीद है कि मैथिली ठाकुर के आने से दरभंगा, मधुबनी और मिथिला क्षेत्र की कई सीटों पर सकारात्मक असर पड़ेगा।