देवरिया। महाराष्ट्र में एक और शहर का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार सांगली जिले के इस्लामपुर (islampur) कानाम ईश्वरपुर किए जाने का प्रस्ताव सामने आया है। राज्य की देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने यह प्रस्ताव रखा है। गौरतलब है कि स्थानीय स्तर पर इस नाम परिवर्तन की मांग काफी समय से उठाई जा रही थी।

विधानसभा में हुआ ऐलान

प्रदेश सरकार में मंत्री छगन भुजबलने महाराष्ट्र विधानसभा में यह जानकारी दी कि राज्य सरकार इस्लामपुर (islampur) का नाम बदलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद इसे आधिकारिक रूप से लागू किया जाएगा। इससे पहले भी महायुति सरकार ने राज्य के कई शहरों के नाम बदले हैं। पिछले वर्ष औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर, उस्मानाबाद का नाम धाराशिव औरअहमदनगर जिले का नाम बदलकर पुण्यलोक अहिल्यादेवी किया गया था।

कैबिनेट बैठक में हुआ फैसला

एनसीपी (अजित पवार गुट) के नेता और मंत्री छगन भुजबल ने बताया कि गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस्लामपुर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। अब राज्य सरकार इस निर्णय को मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजेगी।

अब तक 20 शहरों के बदले गए नाम

महाराष्ट्र में स्वतंत्रता के बाद अब तक करीब 20 शहरों के नाम बदले जा चुके हैं। इनमें सबसे प्रमुख उदाहरण बॉम्बे का है, जिसे बदलकर मुंबई कर दिया गया था। एक रिपोर्ट के अनुसार, किसी बड़े शहर का नाम बदलने में सरकार को औसतन 300 करोड़ रुपये तक का खर्च उठाना पड़ता है।