देवरिया।मशहूर शायर मुनव्वर राणा को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने उन्हें लखनऊ के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों ने मुनव्वर राणा की स्थिति गंभीर बताई है। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि आने वाले 2 दिन उनके लिए बहुत अहम हैं।

पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी तबीयत

मुनव्वर राणा की तबीयत की जानकारी उनकी बेटी सुमैया राणा ने दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया जिसमें सुमैया ने बताया है कि उनके पिता की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठिक नहीं चल रही थी। इलाज के बाद भी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। अस्पताल में उन्हें ICU में रखा गया है। सुमैया राणा ने लोगों से अपने पिता की सेहत के लिए लोगों से दुआ करने की अपील की है।


डायलिसिस पर चल रहे थे मुनव्वर राणा
पिछले कुछ दिनों से मुनव्वर राणा बीमार चल रहे थे। उन्हें किडनी से जुड़ी समस्या थी और पेट दर्द की भी शिकायत थी। किडनी में दिक्कत के चलते वो काफी दिनों से डायलिसिस पर चल रह थे। डायलिसिस के दौरान ही उन्हें पेट में दर्द की भी शिकायत हुई। डॉक्टर उनका इंफेक्शन कम करने की कोशिश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर मुनव्वर राणा के चाहने वाले लगातार उनके ठीक होन की प्रार्थना कर रहे हैं।

लोकप्रिय शायर हैं मुनव्वर राणा
मुनव्वर राणा काफी लोकप्रिय शायर हैं। इस क्षेत्र में उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार और माटी रतन सम्मान दिया जा चुका है। उन्होंने उर्दू, हिंदी और अवधी भाषा में शायरी लिखी हैं। इन्हें ऊर्दू साहित्य के लिए 2014 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था लेकिन एक साल बाद ही उन्होंने अपना पुरस्कार वापस कर दिया था। कुछ समय से विवादित बयानों के चलते भी चर्चा में आए थे।