देवरिया। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट नीरज चोपड़ा ने पावो नूरमी खेलों में अपना शानदार खेल दिखाते हुए बड़ी जीत हासिल की और गोल्ड मेडल हासिल किया। नीरज ने ओलंपिक से पहले हुए इन खेलों में 85.97 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। नीरज के बाद फिनलैंड के टोनी केरानेन ने 84.19 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक और ओलिवियर हेलांडर ने 83.96 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता।

अच्छी शुरुआत के बाद पिछड़ गए थे नीरज

जैवलीन थ्रो में नीरज चोपड़ा सबसे पहले थ्रो करने आए और उन्होंने पहली ही बार में 83.62 मीटर का थ्रो किया। नीरज के रिकॉर्ड्स के हिसाब से यह एक अच्छी शुरुआत थी। नीरज एंडरसन पीटर्स से आगे रहे जिन्होंने पहली बार में 82.58 मीटर का थ्रो किया। दूसरे प्रयास में नीरज ने 83.45 मीटर का थ्रो किया जो उनके शुरुआती प्रयास से बेहतर नहीं था। दूसरे प्रयास के बाद नीरज पिछड़ गए थे और ओलिवियर हेलांडर ने बढ़त बना ली थी। ओलिवियर ने दूसरे प्रयास में 83.96 मीटर का थ्रो किया था। इससे नीरज दूसरे स्थान पर खिसक गए थे।

तीसरे प्रयास में नीरज ने बनाई बढ़त

नीरज ने देरी ना करते हुए तीसरे ही प्रयास में खेल में वापसी कर ली और 85.97 मीटर का थ्रो कर बढ़त हासिल कर ली, जो की नीरज का बेस्ट थ्रो साबित हुआ। नीरज आठ भाला फेंक एथलीटों में एकमात्र खिलाड़ी रहे जिन्होंने 85 मीटर के थ्रो को पार किया। वहीं, ओलिवियर अपने तीसरे प्रयास में 83 मीटर के पार भी नहीं जा सके और उन्होंने 82.60 मीटर का थ्रो किया। तीसरा प्रयास समाप्त होने के बाद नीरज ने अपनी बढ़त बनाए रखी।

अपनी बढ़त को जीत तक ले गए नीरज

तीसरे प्रयास में मिली बढ़त को उन्होंने चौथे प्रयास में 82.21 मीटर का थ्रो करके और आगे बढ़ाया। हालांकी नीरज का यह इस मुकाबले का सबसे कमजोर थ्रो रहा, लेकिन इससे उनकी बढ़त पर कोई फर्क नहीं पड़ा क्योंकि कोई भी दूसरा खिलाड़ी उनके बेस्ट थ्रो के पास नहीं पहुंच पाए। और नीरज ने चौथे थ्रो के आखिर तक अपनी बढ़त को बरकरार रखा। पांचवें प्रयास में नीरज फाउल हो गए थे लेकिन इस प्रयास में भी कोई नीरज को पीछे नहीं छोड़ सका। पांचवें प्रयास में आंद्रियन मारडारे ही 82 मीटर के थ्रो को पार कर सके, जबकि नीरज सहित तीन खिलाड़ियों ने फाउल किया। हालांकि, छठे प्रयास में नीरज ने 82.97 मीटर का थ्रो किया। आखिरी प्रयास में नीरज और मैक्स डेहिंग ही सफलता पूर्वक थ्रो किया, जबकि अन्य सभी खिलाड़ी फाउल कर बैठे।