देवरिया। भारत इस साल एक बार फिर शतरंज की दुनिया में इतिहास रचने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) ने घोषणा की है कि भारत 30 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक शतरंज विश्व कप की मेजबानी करेगा। हालांकि, इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मेजबान शहर का ऐलान फिलहाल नहीं किया गया है, लेकिन FIDE ने आश्वासन दिया है कि इसकी घोषणा भी सही समय पर कर दी जाएगी।
विश्वकप में 206 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
इस बार का विश्व कप बेहद खास रहने वाला है क्योंकि इसमें 206 खिलाड़ी भाग लेंगे, जो न केवल प्रतिष्ठित खिताब के लिए बल्कि 2026 फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में क्वालिफाई करने के लिए भी प्रतिस्पर्धा करेंगे। गौरतलब है कि भारत ने इससे पहले 2002 में हैदराबाद में इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, जब विश्वनाथन आनंद ने खिताब अपने नाम किया था।
नॉकआउट फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट
टूर्नामेंट नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें हर राउंड में हारने वाला खिलाड़ी बाहर हो जाएगा। फिडे ने स्पष्ट किया है कि इस विश्व कप में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी सीधे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगे। इस प्रतियोगिता में भारत के शीर्ष खिलाड़ी जैसे कि मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश, विश्व कप 2023 के उपविजेता आर प्रज्ञानंद, और वर्तमान में विश्व में पांचवें स्थान पर काबिज अर्जुन एरिगैसी भी भाग लेंगे, जिससे देश के दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिडे के CEO ने टूर्नामेंट को लेकर क्या कहा?
फिडे के सीईओ एमिल सुतोव्स्की ने एक बयान में कहा, “हम भारत में फिडे विश्व कप 2025 का आयोजन करके बेहद उत्साहित हैं। यह एक ऐसा देश है जहां शतरंज को लेकर गहरा जुनून और समर्पण है। हमें विश्वास है कि यह टूर्नामेंट एक बड़ी सफलता साबित होगा।” शतरंज प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट न सिर्फ खेल का रोमांच लाएगा, बल्कि भारत में शतरंज की लोकप्रियता को और नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।