भारतीय क्रिकेट टीमभारतीय क्रिकेट टीम

देवरिया । भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने यह जगह लगातार दूसरी बार बनाई है। दरअसल, अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच खेला जा रहा था, इसी बीच न्यूजीलैंड में जारी एक टेस्ट मैच से यह अच्छी खबर आई थी। श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच हुआ टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने दो विकेट से मैच जीत लिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गया। वहीं, अहमदाबाद टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया। इसके साथ ही भारत ने टेस्ट सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर लिया।

अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा, जो पहले ही फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुका है। यह मैच 7 से 11 जून को लंदन के द ओवल मैदान में खेला जाएगा। इस मैच के लिए 12 जून को रिजर्व भी रखा गया है। बता दें कि टीम इंडिया लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले इंडिया को फाइनल में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा था।

न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 2 विकेट से हराया

इंदौर टेस्ट में भारत को मिली हार ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के समीकरण को दिलचस्प बना दिया था। टीम इंडिया को फाइनल के टिकट के लिए कुछ इंतजार करना पड़ा। इंदौर टेस्ट में जीत हासिल कर ऑस्ट्रेलिया की जगह पक्की हुई, लेकिन भारत की निर्भरता श्रीलंका-न्यूजीलैंड के टेस्ट मैच पर टिक गई। श्रीलंका अभी न्यूजीलैंड में दो टेस्ट की सीरीज खेल रहा है, उसे फाइनल में पहुंचने के लिए इस सीरीज को 2-0 से जीतना था, जो नहीं हो सका है।

क्राइस्टचर्च में हुए इस टेस्ट की पहली पारी में श्रीलंका ने 355 का बड़ा स्कोर बनाया, जवाब में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 373 रन बना दिए। यहां डिरेल मिचेल ने शानदार शतक जड़ा। लेकिन जवाब में श्रीलंका ने दूसरी पारी में पलटवार किया और 302 रन बना दिए, जिसमें एंजेलो मैथ्यूज़ का शतक शामिल रहा। ऐसे में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 285 रनों का टारगेट दिया, आखिरी दिन यह लक्ष्य हासिल करना मुमकिन था लेकिन मुश्किल रहा। हालांकि, न्यूजीलैंड इस मैच को आखिरी ओवर तक ले गया और अंत में जीत हासिल कर ली।