भारत-श्रीलंका वनडे सीरीजभारत-श्रीलंका वनडे सीरीज

देवरिया : भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने गुवाहाटी में खेले गए पहले वनडे मैच में श्रीलंका को 67 रनों से हरा दिया है। इसके साथ ही तीन वनडे मैच की सीरीज़ में टीम इंडिया 1-0 से आगे हो गई है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 373 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका 306 रन ही बना पाई।

कोहली-रोहित की विराट वापसी 

श्रीलंका के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में ब्रेक लेने वाले विराट कोहली ने वनडे सीरीज में से शानदार वापसी की। उन्होंने सिर्फ 87 बॉल में 113 रनों की पारी खेली, इसमें 12 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। विराट कोहली के अलावा रोहित शर्मा के लिए भी यह मैच काफी बेहतरीन गया।

रोहित शर्मा ने 83 रनों की पारी खेली और शानदार टच में दिखाई दिए। रोहित शर्मा ने पहले ही ओवर से आक्रामक रुख अपनाया और श्रीलंकाई बॉलर्स पर बरस पड़े। रोहित शर्मा भी लंबे वक्त से एक बड़ी पारी का इंतज़ार कर रहे हैं, यहां उन्होंने दमदार बल्लेबाजी की लेकिन वह अपने 30वें शतक से चूक गए।

रोहित के साथ ओपनिंग करने उतरे शुभमन गिल ने भी 70 रनों की पारी खेली और वनडे टीम में अपनी मौजूदगी को मजबूती से बताया। मैच से पहले सवाल खड़े हो रहे थे कि इस मैच में ईशान किशन को मौका मिलना चाहिए था, जिन्होंने अपने पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ा था। लेकिन टीम ने शुभमन गिल को मौका देने का फैसला किया और वह इसपर सही खरे उतरे। 

श्रीलंका ने आखिर तक किया संघर्ष 

टीम इंडिया की तरफ से मिले 374 रनों के लक्ष्य के लिए उतरी श्रीलंका टीम शुरुआत से ही दबाव में था, जिसका असर उसकी बल्लेबाजी में भी दिखा। श्रीलंका को पावरप्ले में ही शुरुआती झटके लग गए थे, हालांकि बीच-बीच में अलग-अलग बल्लेबाज़ों ने संघर्ष किया। श्रीलंका की ओर से पथुम निशांका ने 72 रन बनाए, जबकि धनजंय डि सिल्वा ने 47 रन बनाए। अंत में कप्तान दासुन शनाका ने अकेले दमपर पूरी टीम को आगे बढ़ाया और शतक जड़ दी। दासुन शनाका ने 88 बॉल में 108 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल थे।  

भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज़

पहला वनडे- भारत 67 रनों से जीता
दूसरा वनडे- 12 जनवरी (कोलकाता)
तीसरा वनडे- 15 जनवरी (तिरुवनन्तपुरम)