देवरिया। 15 अगस्त 2024 को हम आजादी की 77वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे हैं और हर साल की तरह इस साल भी लाल किले पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। यह 11वां मौका होगा जब पीएम मोदी लाल किले में ध्वजारोहण करेंगे और 11वीं बार स्वतंत्रता दिवस पर अपना भाषण देंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर आएंगे ये खास मेहमान
हर साल की तरह इस साल भी पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर खास मेहमानों को आमंत्रित किया है। ये मेहमान देश के चार खास वर्गों गरीब, किसान, युवा और महिला वर्ग से होंगे। इस बार के कार्यक्रम में मेहमानों को ग्यारह श्रेणियों में बांटा गया है। मेहमानों में ग्रामीण इलाकों की महिला पंचायतों को खास तौर पर आमंत्रित किया जा रहा है जिन्होंने अपने गांव या समाज के लिए कुछ खास किया है।
हर विभाग को मिली जिम्मेदारी
मेहमानों को बुलाने और उनकी सूची तैयार करने के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। किसान, युवा और महिला मेहमानों को बुलाने की जिम्मेदारी कृषि और किसान कल्याण, युवा मामले, महिला और बाल विकास मंत्रालय को दी गई है। साथ ही पंचायती राज और ग्रामीण विकास, आदिवासी मामले, शिक्षा और रक्षा मंत्रालय को दूसरे मेहमानों की सूची तैयार करने में शामिल किया गया है। नीति आयोग भी कुछ खास मेहमानों की लिस्ट बनाएगा। इस बार सबसे खास मेहमान होंगे भारत की तरफ से पेरिस गए ओलंपिक खिलाड़ी।
टूटेगा मनमोहन सिंह का रिकॉर्ड
15 अगस्त पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11वीं बार भाषण देकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ेंगे मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री रहते हुए लगातार 10 बार लाल किले पर अपना भाषण दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण में हर साल कुछ ना कुछ बड़ी योजनाओं का ऐलान होता है। 11 बार लगातार भाषण के साथ ही देश के प्रधानमंत्री के नाम स्वतंत्रता दिवस पर अब तक का सबसे लंबा भाषण देने का भी रिकॉर्ड दर्ज है। प्रधानमंत्री के भाषण का औसत समय 82 मिनट है जो अब तक किसी भी प्रधान मंत्री के द्वारा दिए गए भाषणों में सबसे लंबा समय है।