देवरिया। 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद जनता अब एक दिन का भी इंतजार नहीं करना चाह रही है। अपने आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालु लाखों की संख्या में 23 जनवरी की सुबह से ही जुटे हुए थे। पुलिस प्रशासन और मंदिर में लगे बल भी उन्हें नहीं संभाल पा रही थी। पुलिस लगातार लोगों से संयम बनाकर चलने की अपील कर रही है। सुबह से शाम हो गई लेकिन मंदिर के बाहर भीड़ में कोई कमी नहीं हुई। लोग दूर-दूर से राम लला की केवल एक झलक पाने को आतुर हैं और उसके लिए कोई भी परेशानी झेलने को भी तैयार हैं। स्थानीय प्रशासन ने कहा सभी श्रद्धालुओं को दर्शन कराया जाएगा। 24 जनवरी के दिन भी हजारों की संख्या में भक्त रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। स्थिति नियंत्रण में है।


8 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी लगाए गए
उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग के अनुसार शाम होने से पहले ही लगभग ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। भक्तों को सुचारू दर्शन सुनिश्चित करने के लिए 8000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। यूपी के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और स्पेशल डीजी, लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार भी स्थिति पर नजर रखने के लिए लगातार राम मंदिर के अंदर मौजूद रहे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को पूज्य साधु-संतों व श्रद्धालुओं हेतु प्रभु श्री राम लला के सुलभ एवं सहज दर्शन के साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया हवाई सर्वे, विशिष्टों को निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का जायजा लेने अयोध्या का हवाई सर्वे किया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।सीएम ने कहा- श्री अयोध्या धाम में हर रामभक्त को सुगमतापूर्वक प्रभु श्री रामलला के दर्शन कराना हमारा कर्तव्य है।अपने आराध्य प्रभु श्री रामलला के दर्शन की आकांक्षा लिए पूरे देश से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के दृष्टिगत अति विशिष्ट/विशिष्ट/गणमान्य जन द्वारा अयोध्या धाम आगमन का कार्यक्रम बनाने से एक सप्ताह पूर्व स्थानीय प्रशासन/श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अथवा राज्य सरकार को सूचित करना हितकर होगा।
भीड़ की वजह से एक श्रद्धालु घायल हो गया था जिसे सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उपचार दिलवाया। श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़ तो हमेशा रहेगी हम दूर से आएं हैं तो कितना भी समय लगे, कितनी भी भीड़ का सामना करना पड़े दर्शन करके ही जाएंगे। श्रद्धालुओं में विदेश से आए हुए लोग भी शामिल हैं।