देवरिया। भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को 4-0 से शिकस्त दे दी है। पाकिस्तान पर मिली जीत में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह के 2 महत्वपूर्ण गोल का बड़ा योगदान रहा। मैच चेन्नई के राधाकृष्णन स्टेडियम में खेला गया। पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के पॉइन्ट्स टेबल में पहला स्थान बना लिया है। अब राधाकृष्णन स्टेडियम में ही भारत, जापान से 11 अगस्त को सेमीफाइनल मैच खेलने उतरेगा।

हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान
भारत ने जिस मैच में पाकिस्तान को हराया वह सेमीफाइनल में एंट्री के लिए होने वाला फाइनल मैच था। एक तरफा मैच में भारत से करारी हार मिलने के बाद अब पाकिस्तान इस टूर्नामेंट से ही बाहर हो गया है। पाकिस्तान पर भारत की यह कुल मिलाकर 65वीं जीत है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए पाकिस्तान को या तो इस मैच में जीत हासिल करनी थी या मैच ड्रॉ करना था। लेकिन पाकिस्तान हॉकी की टीम पूरे मैच के दौरान एक भी गोल नहीं दाग पाई और उसे मैच में बुरी हार का सामना करना पड़ा।

भारत ने इस तरह अपने नाम किया मैच
मैच के पहले हाफ के आखिरी मिनट में भारतीय टीम ने पहला गोल किया। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में इंडियन टीम के कैप्टन हरमनप्रीत सिंह ने एक गोल किया, जिसके बाद भारतीय टीम मैच में 2-0 से आगे हो गई। तीसरे क्वार्टर में भी हरमनप्रीत सिंह ने ही गोल किया और मैच में 3-0 से बढ़त बना ली। चौथे क्वार्टर में भारत की तरफ से फिर एक गोल हुआ जिसे रेफरी ने फाउल बताया। चौथे गोल के फाउल होने के कुछ ही मिनटों के बाद आकाशदीप सिंह ने चौथा गोल दाग दिया। इस तरह से कप्तान के 2 गोल की मदद से टीम ने आखिर तक इस बढ़त को बरकरा रखी और पाकिस्तान को 4-0 से हार का सामना करना पड़ा

टूर्नामेंट में अब तक अजेय है भारतीय टीम
एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने अब तक 5 मैच खेले हैं और किसी भी मुकाबले में भारत को हार का सामना नहीं करना पड़ा है। 5 लीग मुकाबलों में भारत ने 4 मैचों में जीत हासिल की है जबकि एक मैच ड्रा रहा था। भारत ने चीन को 7-2 से हराया था, तीसरे मैच में मलेशिया को 5-0 से शिकस्त दी थी, चौथे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन साउथ कोरिया को 3-2 से मात दी थी। जबकि जापान के साथ खेला गया मैच 1-1 से ड्रा हुआ था।