देवरिया।देश की राजधानी दिल्ली में बारिश ने पिछले 40 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम समेत आस-पास के सभी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। पड़ोस के राज्यों में भी बारिश का यही हाल है, जिसकी वजह से बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। बांधों के गेट खोलने से यमुना नदी भी उफान पर है। नदी से सटे गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति है।


यमुना नदी का जलस्तर बना खतरा
जलमग्न हुई दिल्ली पर सिर्फ बारिश का असर नहीं है बल्कि खराब ड्रेनेज सिस्टम और यमुना नदी का बढ़ा जलस्तर भी बुरे हालात का कारण हैं। बताया जा रहा है यमुना नदी का पानी अब तक के सबसे रिकॉर्ड स्तर तक आ चुका है। हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद से यमुना का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। नदी का पानी रहवासी इलाकों में घुसने से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। वो लोग जिनके पक्के मकान हैं किसी तरह जरूरी सामान के साथ घर की छतों पर पॉलीथीन की शीट का टेंट बनाकर रह रहे हैं। बहुत से लोगों को सड़क किनारे टेंट लगाकर शिफ्ट किया गया है।


लाल किले तक पहुंच गया यमुना का पानी
यमुना नदी का पानी दिल्ली के लाल किले तक पहुंच गया है। जिससे आसपास की सड़के बंद हो गई हैं और आवा-गमन में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने गुरुवार को कुछ को छोड़कर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। सिंधु सीमा पर अंतरराज्यीय बसों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। भारी वाहनों में सिर्फ उन्हीं वाहनों को छूट मिलेगी जिनमें दवाओं, सब्जियों, दूध, फल और अंडे जैसी बेहद जरूरी चीजों का परिवहन किया जा रहा है।


रेस्क्यू में लगी एनडीआरफ की टीम
यमुना बाजार इलाके की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। एनडीआरएफ की टीम लगातार लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल रही है। ज्यादातर लोगों को बाहर निकाला भी जा चुका है लेकिन कुछ लोग अभी भी यमुना नगर इलाके में ही रुके हुए हैं। उन्होंने रेस्क्यू टीम से घर छोड़कर कहीं और जाने से साफ इनकार कर दिया है। कई इलाकों में पानी भरे होने के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

18 जुलाई तक नहीं रुकेगी बारिश
आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में अभी बारिश के रुकने के कोई आसार नहीं है। 13 जुलाई से लेकर 18 जुलाई तक बारिश की संभावना है। दिल्ली मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि आने वाले 5 से 6 दिनों तक इसी तरह के हालात रहेंगे। 14 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी वहीं 15 से 18 जुलाई तक गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। दिल्ली के हालातों पर एलजी वीके सक्सेना ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की मीटिंग बुलाई थी। इस बैठक में सीएम अरविंदकेजरीवाल भी शामिल हुए। सीएम ने दिल्ली के हालात पर केंद्र से भी मदद मांगी है।