देवरिया। हमास के पॉलिटिकल चीफ इस्माइल हानिया की एक हमले में मौत हो गई है। हमास की तरफ से भी बयान जारी कर इस्माइल हानिया की मौत की पुष्टि कर दी है। हमास ने इस्माइल की हत्या का आरोप इजराइल पर लगाया गया है। इस मामले में अब तक इजराइल की तरफ से किसी प्रकार का कोई बयान नहीं आया है। इस्माइल हानिया पर हमला उसके तेहरान में स्थित घर पर हुआ। हमले में इस्माइल हानिया के एक बॉडीगार्ड की भी मौत हुई है।
बुधवार सुबह हुआ हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्माइल पर हमला बुधवार की सुबह हुआ। मंगलवार को ही इस्माइल हानिया ईरान के नए राष्ट्रपति के एक कार्यक्रम में शामिल हुआ था और उसने ईरान के सुप्रीम लीडर से भी मुलाकात की थी। हमास ने इस हत्या को लेकर साफ-साफ इजराइल पर आरोप लगाया है। जबकी इजराइल ने अब तक इस मामले की अपनी तरफ से कुछ नहीं कहा है। ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जनसंपर्क विभाग ने बयान जारी कर इस्माइल हानिया की मौत पर दुख व्यक्त किया है और फलस्तीनी लोगों के लिए अपना समर्थन दिखाया है।
7 अक्टूबर को हुए हमले का माना जा रहा है बदला
बताया जा रहा है इजराइल 7 अक्टूबर को हुए हमले का बदला लेने के लिए महीनों से इंतजार कर रहा था। 7 अक्तूबर के हमले के बाद से इस्राइल ने हमास के कई शीर्ष आतंकियों को ढेर किया है। मंगलवार को ही इस्राइल ने हिजबुल्ला के शीर्ष नेता फौद शुक्र पर हमला कर उसकी हत्या की थी। हाल ही में इजराइली सेना ने हानिया के तीन बेटों आमिर, हाजेम और मोहम्मद पर भी हवाई हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था।
इजराइल में मनाया जा रहा जश्न
हानिया की मौत इजराइल के लिए एक बड़ी जीत बन गई है। आम जनता के साथ-साथ वहां के मंत्री और बड़े नेता भी इस हमले से खुश नजर आ रहे हैं। इजराइल के धरोहर मंत्री अमीचाय एलियाहू ने एक बयान में कहा कि- “दुनिया से इस गंदगी को साफ करने का सही तरीका है।” हालांकी इजराइल ने आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है।