देवरिया। लखनऊ के बेटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने ना सिर्फ लखनऊ का नाम रोशन किया है बल्की पूरे देश का नाम विश्व में रोशन करने जा रहे हैं। शुभांशु शुक्ला का चयन आने वाले भारत-अमेरिका मिशन में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरने के लिए हुआ है। इसरो ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी। शुभांशु शुक्ला को मिशन पर उड़ान भरने वाले प्रमुख अंतरिक्ष यात्री के तौर पर नॉमिनेट किया गया है।
इसरो ने क्या कहा
इसरो ने अपना एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा- “कि उसके मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र मे अमेरिका के एक्सिओम स्पेस इंक के साथ एक अंतरिक्ष उड़ान समझौता किया है। मिशन के लिए राष्ट्रीय मिशन असाइनमेंट बोर्ड ने दो गगनयात्रियों की सिफारिश की है। बयान में कहा गया है कि बोर्ड ने दो गगनयात्रियों- ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालाकृष्णन नायर की सिफारिश की है।
अगस्त के पहले हफ्ते ही होगी ट्रेनिंग
इसरो ने अधिक जानकारी देते हुए कहा कि- “गगनयात्री’ आईएसएस पर वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रौद्योगिकी प्रदर्शन प्रयोग करेंगे और अंतरिक्ष आउटरीच गतिविधियों में शामिल होंगे। इस मिशन के दौरान प्राप्त अनुभव भारतीय मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए फायदेमंद होंगे और यह इसरो और नासा के बीच मानव अंतरिक्ष उड़ान सहयोग को भी मजबूत करेगा।”
फाइटर कॉम्बैट लीडर और टेस्ट पायलट हैं शुभांशु
शुभांशु शुक्ला का जन्म 1985 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था। उनकी नियुक्ति 17 जून 2006 को भारतीय वायु सेना की कॉम्बैट विंग में हुई थी। उन्होंने यूनाइटेड स्टेट्स स्टाफ कॉलेज से पढ़ाई की है। शुभांशु डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन और फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स स्कूल, तांबरम में डायरेक्टिंग स्टाफ हैं। वह एक फाइटर कॉम्बैट लीडर और एक टेस्ट पायलट हैं। शुभांशु के पास सुखोई-30एमकेआई, मिग-21, मिग-29, जगुआर, हॉक, डोर्नियर और एएन-32 समेत कई तरह के विमान उड़ाने का अनुभव है।