देवरिया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान के द्वारा चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग को 23 अगस्त 2024 को एक साल पूरे हो जाएंगे। इस दिन को अब हर साल राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा, यह पहला मौका होगा जब हम राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मना रहे हैं। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर 2023 में पीएम मोदी ने हर साल इस दिन को अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की थी।


खास थीम पर होंगे कार्यक्रम
अंतरीक्ष दिवस पर दिल्ली में होने वाले खास कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। देश के सभी स्कूल और कॉलेजेस में राष्ट्रीय स्पेस दिवस को लेकर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। हर साल इस दिन के लिए थीम तय की जाएगी जिसके अनुसार ही कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस बार की थीम ‘Touching Lives while Touching the Moon: India’s Space Saga’ है। इसका अर्थ है भारत की अंतरिक्ष गाथा, चांद की सतह को छूते हुए जीवन को छूना।


23 अगस्त को मिली थी यह बड़ी सफलता
23 अगस्त 2023 वह तारीख है जब भारत ने अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रचा था। इसरो का चंद्रयान-3 ने इसी दिन चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंड हुआ था। इसी के साथ भारत पहला देश बन गया था जिसने चांद की दक्षिणी ध्रुव पर अपना चंद्रयान उतारा हो। इस सफलता की चर्चा पूरे विश्व में थी। भारत को दुनिया के सभी छोटे बड़े देशों ने इस उपलब्धि के लिए बधाई संदेश भेजे थे।