देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार सरकार चलाने के लिए तैयार हो चुके हैं। उन्होंने अपने तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ ले ली है। राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पीएम मोदी के साथ 30 कैबिनेट मंत्री, 5 स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और 36 राज्यमंत्रियों ने शपथ ली। इस समारोह में अन्य देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ फिल्मी जगत के सितारे भी शामिल हुए। सोमवार को मोदी कैबिनेट की पहली बैठक है।
मंत्रिमंडल में इस बार सबसे ज्यादा मंत्री
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में सबसे ज्यादा मंत्रियों ने शपथ ली है। केंद्रीय मंत्रियों में भी सहयोगी दलों के सांसदों को जगह दी गई है। 30 केंद्रीय मंत्रियों में 25 बीजेपी से और 5 सहयोगी दलों से हैं। वहीं, स्वतंत्र प्रभार के साथ पांच सांसदों को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है, जिनमें तीन सांसद बीजेपी के हैं जबकि एक आरएलडी के जयंत चौधरी और दूसरे शिवसेना के प्रतापराव जाधव को शामिल किया गया है।
सोमवार को कैबिनेट की पहली बैठक
शपथ ग्रहण समारोह शाम 7 बजकर 15 मिनट पर शुरु हुआ और रात करीब 10:30 पर खत्म हुआ। कैबिनेट गठन के तुरंत बाद सरकार एक्शन मोड पर आ गई है। आगे की योजनाओं और रोड मैप तैयार करने के लिए 10 जून को कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई गई है। कैबिनेट की बैठक सोमवार सुबह कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास पर रखी गई है।
समारोह में शामिल हुए ये खास मेहमान
शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी पार्टियों के प्रमुख और राज्यों के सीएम के अलावा अन्य देशों के प्रमुखों को भी निमंत्रण भेजा गया था। समारोह में शामिल होने के लिए सभी विदेशी मेहमान 8 जून से ही दिल्ली पहुंचने लगे थे। शपथ ग्रहण समारोह में बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना के अलावा भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ शामिल हुए।