देवरिया। गणेश उत्सव पर 10 दिनों तक पूरे भारत में रौनक रहती है। भक्त 10 दिन के लिए मेहमान बनकर आए गजानन की सेवा में लगे रहते हैं। पूरे देश में महाराष्ट्र का गणेशोत्सव सबसे ज्यादा मशहूर है और महाराष्ट्र में लोगों को सबसे ज्यादा इंतजार रहता है मुंबई के लाल बाग के राजा का। लाल बाग के राजा ने पहले दर्शन भक्तों को दे दिए हैं। भक्तों ने ढोल और नगाड़े बजाकर लाल बाग के राजा के दर्शन किए।
19 सितंबर को विराजेंगे गणपति
इस साल गणेश उत्सव 19 सितंबर से शुरू होने जा रहा है जो कि 10 दिनों तक यानी 28 सितंबर तक चलेगा। इन 10 दिनों में छोटी-छोटी गलियों से लेकर बड़ी मंडलियों तक सभी जगह गणेश जी की एक से बढ़कर एक मनमोहक मूर्तियों की स्थापना और पूजा अर्चना होती है। 1935 में स्थापित मुंबई के लाल बाग का राजा मंडली सबसे ज्यादा लोकप्रिय गणेश मंडल माना जाता है। लाल बाग के राजा की पूजा और आरती में शामिल होने के लिए बड़ी हस्तियां पहुंचती हैं।
क्यों मशहूर हैं लाल बाग के राजा
लाल बाग के राजा को ‘नवसाजा गणपति’ यानी कि मनोकामना पूर्ति करने वाले गणपति के रूप में जाना जाता है। ऐसी मान्यता है कि गणेशोत्सव के दौरान मन में मनोकामना लेकर इनके दर्शन करने से ही मन की इच्छा पूरी होती है। लाल बाग के राजा के दर्शन के लिए पहले दिन से ही 5-5 किलोमीटर तक की लंबी लाइन लगती है। लाल बाग के राजा का हर साल बीमा भी कराया जाता है इस वर्ष के गणपति को 51 करोड़ रुपए का बीमा मिला है। लाल बाग का राजा मुंबई के लाल बाग के परेल इलाके में स्थापित किए जाते हैं और विसर्जन दसवें दिन गिरगांव चौपटी में किया जाता है।