देवरिया।भारत का पहला 3D प्रिंटेड पोस्ट ऑफिस बेंगलुरु में बनकर तैयार हो गया है। नए बने 3D प्रिंटेड ऑफिस का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया। इस खास तरह से बने डाकघर को बनने में सिर्फ 43 दिन का समय लगा, अगर इसे सामान्य तरीके से बनाया जाता तो इस भवन को बनने में कम से कम 6 महीने लगते। 3D प्रिंटिंग तकनीक किसी भी बिल्डिंग को बनाने का एक व्यवहारिक विकल्प है।

IIT मद्रास में तैयार हुआ डिजाइन
थ्रीडी प्रिंटेड पोस्ट ऑफिस का डिजाइन IIT मद्रास में तैयार किया गया है। बिल्डिंग का निर्माण लार्सन एंड टुब्रो कंस्ट्रक्शन कंपनी ने थ्रीडी तकनीक का इस्तेमाल करके बनाया है। यह बिल्डिंग बेंगलुरु के कैंब्रिज लेआउट में तैयार की गई है और बिल्डिंग का नाम कैंब्रिज लेआउट पोस्ट ऑफिस रखा गया है। बिल्डिंग निर्माण में 45 दिन का टारगेट रखा गया था लेकिन भवन का काम 43 दिनों में ही पूरा हो गया।

थ्रीडी प्रिंट पोस्ट ऑफिस की खास बातें
इस पोस्ट ऑफिस को बनाने में पहलीबार थ्रीडी प्रिंट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। 3D प्रिंट तकनीक डेनमार्क से भारत आई है। दीवार की बाहरी परतों को कंक्रीट से प्रिंट किया गया है। इस बिल्डिंग की खास बात है कि इसमें किसी प्रकार का वर्टिकल ज्वॉइंट नहीं है। 1 हजार 21 वर्गफीट में बने इस भवन को बनाने में सिर्फ 23 लाख की लागत आई है, जबकि पारंपरिक तरीके से बनाने में इससे 30 से 40 फीसदी ज्यादा खर्च होता। इस भवन को बनाने में नई तकनीकों के साथ रोबोट और हाई टेक्नोलॉजी मशीनों का उपयोग किया गया है।

पीएम मोदी ने शेयर की तस्वीरें, दी बधाई
नए 3Dप्रिंटेड पोस्ट ऑफिस की तस्वीरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद ट्विटर पर शेयर की है। उन्होंने बधाई दी और लिखा-“इस डाकघर को देखकर हर भारतीय को गर्व होगा। यह हमारे देश के नवाचार और प्रगति का एक प्रमाण है, यह आत्मनिर्भर भारत की भावना का भी प्रतीक है। उन लोगों को बधाई जिन्होंने डाकघर को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की है।”