देवरिया। ओडिशा की एक बुजुर्ग महिला का वीडियो वारयल होने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को फटकार लगाई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला नंगे पांव एक टूटी कुर्सी के सहारे सड़क पर अकेले चलते हुए दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह महिला कई किलोमीटर चलकर एसबीआई बैंक अपन पेंशन लेने आई थी। इस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारण ने संज्ञान लिया है और ट्विटर पर एसबीआई की क्लास ली। एसबीआई ने वित्त मंत्री को सफाई दी है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगाई फटकार
इस वीडियो पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए SBI को मानवीय तरीके से काम करने को कहा है। अपने ट्वीट में उन्होंने डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विस ऑफ इंडिया और मिनिस्ट्री ऑफ फाइनेंस को भी टैग कर मामले में संज्ञान लेने का अनुरोध किया है।
ओडिशा के नबरंगपुर का है मामला
यह वीडियो ओडिशा के नबरंगपुर का है। इस बुजुर्ग महिला का नाम सूर्या हरिजन बताया जा रहा है जिनकी उम्र 70 साल है। उम्र ज्यादा और अस्वस्थ होने की वजह से उन्हें चलने में दिक्कत होती है। पेंशन लेने के लिए महिला को चिलचिलाती धूप में कई किलोमीटर एक टूटी कूर्सी को सहारा बनाकर घसीटते हुए बैंक जाना पड़ता है।

SBI ने दी अपनी सफाई, घर पहुंचाकर देंगे पेंशन
मंत्री की फटकार के बाद SBI ने अपनी सफाई में ट्वीट कर कहा कि वीडियो देखकर उन्हें भी इस बात का दुख है कि बुजुर्ग महिला को इस तरह से पेंशन लेने आना पड़ता है। पहले महिला अपने ही गांव के CSP से पेंशन निकालती थीं लेकिन बुजुर्ग होने की वजह से CSP में उनका फिंगर प्रिंट मैच नहीं हो रहा था इसलिए उन्हें बैंक तक आना पड़ा। एसबीआई ने कहा कि बुजुर्ग महिला झरिगांव शाखा में आई थी। मैनेजर ने उन्हें तुरंत पेंशन डेबिट करके पैसे दिए। शाखा प्रबंधक ने यह भी सुनिश्चित किया है कि अगले महीने से महिला की पेंशन उनके घर तक पहुंचाई जाएगी।