देवरिया। मंगलवार को लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश का आम बजट पेश किया। इस बजट में युवाओं के लिए रोजगार के साथ आंध्र प्रदेश और बिहार के विकास के लिए कई बड़े ऐलान किए गए। बजट में टैक्स को लेकर भी बड़ी छूट का ऐलान हुआ। सरकार ने 7 लाख 75 हजार तक की आय को टैक्स फ्री कर दिया है। बजट में मध्यम वर्गीय परिवारों और किसानों के लिए भी की बड़ी घोषणाएं की गई है।


गरीब, महिला युवा और अन्नदाता पर फोकस: सीतारमण
लोकसभा में बजट पेश करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि- “ गरीब, महिला, युवा तथा अन्नदाता पर हमारा फ़ोकस है। भारत की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में अपना विश्वास तीसरी बार जताया है। वहीं, मुश्किल दौर में भी भारत की अर्थव्यवस्था तेज गति से चल रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को 5 साल के लिए बढ़ाया गया है, जिसका लाभ देश के 80 करोड़ लोगों को मिल रहा है। हमारी सरकार का पूरा फोकस रोज़गार, हुनर और युवाओं पर है। इस समय देश में मुद्रास्फीति फिलहाल 3.1% पर है। इस साल 1.48 लाख करोड़ शिक्षा और रोज़गार के लिए खर्च किये जाने का प्रस्ताहव है।”


बजट मे बिहार, आंध्रा के लिए पिटारा
बजट आंध्र प्रदेश और बिहार के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गईं। जिसमें आंध्र प्रदेश को 15, 000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रमुख है। बिहार में सड़कों के लिए 26,000 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि- “21,400 करोड़ रुपये की लागत से बिहार के पीरपैंती में 2400 मेगावाट का नया बिजली संयंत्र स्थापित करने सहित बिजली परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। बिहार में नए हवाई अड्डे, मेडिकल कॉलेज और खेल बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। बहुपक्षीय विकास बैंकों से बाहरी सहायता के लिए बिहार सरकार के अनुरोधों पर शीघ्रता से काम किया जाएगा।” वित्त मंत्री ने आंध्र प्रदेश के लिए बजट में किए गए प्रावधान के बारे में बताते हुए कहा कि- “हमारी सरकार ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए प्रयास किए हैं। राज्य की पूंजी की आवश्यकता को समझते हुए, हम बहुपक्षीय एजेंसियों के माध्यम से विशेष वित्तीय सहायता की सुविधा प्रदान करेंगे। चालू वित्त वर्ष में, भविष्य के वर्षों में अतिरिक्त राशि के साथ 15,000 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जाएगी। हमारी सरकार पोलावरम सिंचाई परियोजना के शीघ्र पूरा होने और वित्तपोषण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है जो आंध्र प्रदेश और उसके किसानों के लिए जीवन रेखा है।”


छात्रों को 10 लाख रुपये तक का लोन
मोदी सरकार ने युवाओं पर बजट में खास फोकस रखा है। बजट में छात्रों के लिए 10 लाख रुपये के लोन का प्रस्ताहव रखा गया है। सरकार की तरफ से उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक के लोन के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की है। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना प्राथमिकता होगी। युवाओं के रोजगार को लेकर निर्मला सीतारमण ने कहा- “प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को 5 साल के लिए बढ़ाया गया है, जिसका लाभ देश के 80 करोड़ लोगों को मिल रहा है। हमारी सरकार का पूरा फोकस रोज़गार, हुनर और युवाओं पर है। इस समय देश में मुद्रास्फीति फिलहाल 3।1% पर है। इस साल 1.48 लाख करोड़ शिक्षा और रोजगार के लिए खर्च किये जाने का प्रस्ताहव है।”


इस तरह होगा नया टैक्स स्लैब
इस बार बजट में तीन से सात लाख रुपये तक 5% कर का प्रावधान किया है। वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कहा कि- “तीन लाख रुपए तक की आमदनी पर करदाताओं को कोई टैक्स नहीं देना होगा। सात से दास लाख रुपये तक की आमदनी वालों के लिए 10% टैक्स का प्रावधान किया गया है।” वित्त मंत्री के अनुसार नए एलानों से चार करोड़ लोगों को नई कर प्रणाली में 17,500 रुपये तक का लाभ होगा। वित्त मंत्री ने पेंशनभोगियों के लिए पारिवारिक पेंशन पर कटौती 15000 रुपये से बढ़ाकर 25000 रुपये कर दिया है। सरकार के इस फैसले से देश के वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिलेगा।


इस तरह होगी नई टैक्स प्रणाली
3 लाख 1 आमदनी पर शून्य प्रतिशत टैक्स
3 लाख 1 से 7 लाख आमदनी पर 5 प्रतिशत टैक्स
7 लाख 1 से 10 लाख आमदनी पर 10 प्रतिशत टैक्स
10 लाख 1 से 12 लाख आमदनी पर 15 प्रतिशत टैक्स
12 लाख 1 से 15 लाख आमदनी पर 20 प्रतिशत टैक्स
15 लाख से ऊपर आमदनी होने पर 30 प्रतिशत टैक्स