देवरिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा ऐलान किया है। केजरीवाल ने घोषणा की है कि वे अगले दो दिनों में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। उन्होंने दिल्ली में जल्द चुनाव कराए जाने की मांग की है। रविवार को उन्होंने कहा- “मैंने देश के संविधान और गणतंत्र की रक्षा के लिए पहले इस्तीफा नहीं दिया था, लेकिन अब मैं अगले दो दिनों में इस्तीफा दे दूंगा। जब तक जनता अपना फैसला नहीं सुना देती, तब तक मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा।”
ना झुकेंगे, ना बिकेंगे: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी के सभी षड्यंत्रों का सामना करने की शक्ति हमें जनता के आशीर्वाद से मिली है। “हम न झुकेंगे, न रुकेंगे, और न बिकेंगे,” उन्होंने कहा। “हमारी ईमानदारी की वजह से आज दिल्ली के लिए इतना कुछ कर पाए हैं, और यही वजह है कि वे हमसे डरते हैं क्योंकि वे खुद ईमानदार नहीं हैं। मैं ‘पैसे से सत्ता और सत्ता से पैसा’ के इस खेल का हिस्सा बनने नहीं आया था। दो दिन बाद मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दूंगा। कानून की अदालत से मुझे न्याय मिला है, अब जनता की अदालत से मुझे न्याय मिलेगा।”
“आपका वोट ईमानदारी के प्रमाण”
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि- “जब तक जनता अपना फैसला नहीं सुना देती, मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा। उन्होंने कहा, “कुछ महीने बाद दिल्ली में चुनाव हैं। अगर आप मानते हैं कि केजरीवाल ईमानदार हैं, तो आने वाले चुनाव में मेरे पक्ष में वोट दें। आपका हर एक वोट मेरी ईमानदारी का प्रमाण होगा।”
“मैं अग्निपरीक्षा के लिए तैयार हूं”
उन्होंने आरोपों का जवाब देते हुए कहा, “इन्होंने कहा कि केजरीवाल चोर है, लेकिन मैं सत्ता का खेल खेलने नहीं, बल्कि देश के लिए कुछ करने आया था। जिस तरह 14 साल बाद भगवान राम जब वनवास से लौटे थे, तब सीता माता को अग्निपरीक्षा देनी पड़ी थी, उसी तरह मैं जेल से आया हूं और अग्निपरीक्षा के लिए तैयार हूं।”
जल्द चुनाव कराने की मांग की
केजरीवाल ने आगे कहा, “कुछ लोग कह रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने शर्तें लगाई हैं, जिससे काम नहीं हो पाएगा, लेकिन पिछले 10 साल में इन्होंने शर्तें लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। फरवरी में चुनाव होने वाले हैं, लेकिन मैं आज इस मंच से मांग करता हूं कि दिल्ली के चुनाव महाराष्ट्र के साथ नवंबर में कराए जाएं।”