देवरिया। अयोध्या के लिए 22 जनवरी 2024 का दिन ऐतिहासिक था जब 500 साल बाद राम लला अपने अपने दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान हुए थे। वैसा ही 30 अक्टूबर का दिन भी अयोध्या वासियों के लिए ऐतिहासिक रहा। राम लला की प्रतिष्ठा के बाद मंदिर में पहली बार दीपोत्सव मनाया गया। ऐसा लग रहा था जैसे राम लला खुद इस दीपोत्सव को बड़ी तल्लीनता से निहार रहे हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जलाए दिए
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने भगवान श्रीराम के दर्शन किए और रघुनंदन के चरणों में नमन कर दीप प्रज्ज्वलित किए। इस दौरान सीएम योगी ने मंदिर प्रांगण और बाहर 5-5 दीये जलाकर दीपोत्सव में हिस्सा लिया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, और कई प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे।

विश्व रिकॉर्ड और भव्य आयोजन
सरयू नदी के तट पर दीपोत्सव में 25 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए। इस बार दीपोत्सव का नया विश्व रिकॉर्ड कायम हुआ। इसके अलावा, एक हजार से अधिक धर्माचार्यों ने एक साथ सरयू नदी की आरती कर एक अलग रिकॉर्ड बनाया। सीएम योगी ने इन ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए अयोध्या की जनता को बधाई दी।
चंपत राय ने किया पोस्ट
राम मंदिर में मनाए गए दीपोत्सव पर राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष चंपत राय ने एक्स पर लिखा –“ सदियों की प्रतीक्षा और असंख्य बलिदानों के फलस्वरूप आज श्री राम जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर में दीपोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत श्री योगी आदित्यनाथ जी और केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।”