देवरिया।उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी अभी से दिखाई देने लगी है। समाजवादी पार्टी से विधायक रहे दारा सिंह चौहान ने फिर से भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर ली है। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने विधानसभा सदस्यता से अपना इस्तीफा दिया था। दारा सिंह का पार्टी छोड़ना सपा के लिए एक बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।
घोसी सीट से विधायक थे दारा सिंह
दारा सिंह चौहान घोसी (मऊ) सीट से समाजवादी पार्टी से विधायक चुने गए थे। बीजेपी ज्वॉइन करने से पहले उन्होंने पार्टी के साथ-साथ विधायिकी से भी इस्तीफा दे दिया है। भाजपा में शामिल होने से पहले उन्होंने प्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों से बातचीत की थी। सभी मुद्दों पर सहमति बनने के बाद उन्होंने बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की । लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने दारा सिंह को बीजेपी सदस्यता दिलवाई। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
चुनाव से पहले सपा को बड़ा नुकसान
2024 में होने वाले चुनाव से पहले दारा सिंह चौहान का सपा छोड़ना पार्टी के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है। दारा सिंह चौहान नोनिया जाति से आते हैं। अपने इलाके और अपने समाज में दारा सिंह की अच्छी खासी पकड़ है। इसी पकड़ के चलते जब दारा सिंह ने बीजेपी छोड़ सपा ज्वॉइन की थी तब इसे बीजेपी के लिए बड़ा नुकसान माना गया था। चुनाव नतीजों में हुआ भी वही, दारा सिंह अपने इलाके से सपा की टिकट से चुनाव जीत गए थे। अब यही नुकसान समाजवादी पार्टी को झेलना पड़ सकता है।
80 सीट जीतेगी बीजेपी: दारा सिंह
लखनऊ के बीजेपी कार्यालय में बीजेपी ज्वॉइन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए दारा सिंह चौहान ने कहा- “इस बार चुनावों में बीजेपी यूपी की 80 की 80 सीट जीतेगी और 2024 में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगी।”