देवरिया। क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, क्रिकेट को 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में आधिकारिक रूप से शामिल कर लिया गया है। काफी दिनों से ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल किए जाने की कवायद चल रही थी जिसके बाद सोमवार को यह फैसला लिया गया है। ओलंपिक में शामिल होने से क्रिकेट के वैश्विक खेल बनने की संभावना और अधिक बढ़ती हुई नजर आ रही है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर फैसले का स्वागत किया

पीएम मोदी ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि-“खुशी की बात है कि बेसबॉल-सॉफ्टबॉल, क्रिकेट, फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस और स्क्वैश ओलंपिक में शामिल होने जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है। एक क्रिकेट प्रेमी राष्ट्र के रूप में, हम विशेष रूप से क्रिकेट को शामिल किए जाने का स्वागत करते हैं, जो इस अद्भुत खेल की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है।”

T-20 फॉर्मेट में किया गया शामिल

ओलंपिक में क्रिकेट को टी-20 फॉर्मेट में शामिल किया गया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने अपने 141वें सत्र में जिन अन्य खेलों को शामिल किये जाने को मंजूरी दी है, उनमें स्क्वाश, बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, लैक्रोस और फ्लैग फुटबॉल शामिल हैं। सभी नए खेलों को ओलंपिक में शामिल किए जाने की जानकारी IOC ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा- “बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, क्रिकेट (टी-20), फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस (सिक्सेस) और स्क्वाश लॉस एंजिलिस-2028 के खेल कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।”

वर्ष 1900 के ओलंपिक में खेला गया था क्रिकेट
इससे पहले साल 1900 में पेरिस में आयोजित ओलंपिक में क्रिकेट के मैच खेला गया था। अब 2028 में पूरे 128 साल बाद ओलंपिक में फिर से क्रिकेट को शामिल किया गया है। आईओसी यानी ओलंपिक समिति ने क्रिकेट की लोकप्रियता को देखते हुए इसे ओलंपिक में शामिल किए जाने का फैसला लिया है। क्रिकेट के शामिल होने से प्रसारण अधिकार में भी बढ़ोतरी होगी। 2024 के पेरिस ओलंपिक में प्रसारण अधिकार 158.6 करोड़ है जबकि क्रिकेट के शामिल हो जाने पर प्रसारण अधिकार 1 हजार 525 करोड़ रुपए होने के अनुमान हैं। इस फैसले का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने भी स्वागत किया है।