मोहम्मद शमी को लगा बड़ा झटकामोहम्मद शमी को लगा बड़ा झटका

देवरिया । टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कोलकाता की एक अदालत ने भारतीय तेज गेंदबाज को अपनी अलग रह रही पत्नी हसीन जहां को पचास हजार रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया है। इस मामले पर फैसला अलीपुर कोर्ट की जज अनिंदिता गांगुली ने सुनाया।

हसीन जहां ने मोहम्मद शमी के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। इस मामले पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने मोहम्मद शमी को हर महीने 50 हजार रुपये देने का आदेश दिया है। पांच साल की कानूनी लड़ाई के बाद हसीन जहां को ये कामयाबी मिली है। इससे पहले अदालत उनकी नाबालिग बेटी की परवरिश के लिए 80 हजार रुपये महीना देने का आदेश पहले ही दे चुकी हैं। इस आदेश के बाद क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अब अपनी पत्नी हसीन जहां और बेटी के खर्चे के लिए हर महीने 1 लाख 30 हजार रुपये देने होंगे।

वहीं, दूसरी हसीन जहां इस राशि से खुश नहीं हैं। क्योंकि उन्होंने प्रति माह 10 लाख रुपये की मांग की थी। साल 2018 में हसीन जहां ने 10 लाख रुपये के मासिक गुजारा भत्ता की मांग करते हुए एक कानूनी याचिका दायर की थी। याचिका में हसीन जहां ने कहा था कि वह व्यक्तिगत खर्च के लिए सात लाख रुपये और अपनी बेटी की परवरिश के लिए तीन लाख रुपये प्रति महीने गुजारा भत्ता चाहती हैं। हसीन जहां अब फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील कर सकती हैं।

हसीन जहां और मोहम्मद शमी की शादी

साल 2018 में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पर्सनल लाइफ में भूचाल मच गया था। शमी की वाइफ हसीन जहां ने इस दिग्गज पर घरेलू हिंसा, मैच फिक्सिंग, दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद मोहम्मद शमी ने अपनी पत्नी के आरोपों पर सफाई दी थी। बाद में शमी और हसीन जहां अलग-अलग हो गए थे। हसीन जहां और मोहम्मद शमी की साल 2014 में शादी हुई थी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में किया कमाल

32 साल मोहम्मद शमी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में धांसू गेंदबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने 6 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर न्यूजीलैंड के 3 खिलाड़ियों को पवेलियन की ओर भेजा। शमी ने 29वीं बार वनडे इंटरनेशनल में तीन या उससे ज्यादा विकेट लिए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए शमी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।