देवरिया। एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठे हैं। जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। दिग्विजय ने कहा कि “केंद्र सरकार लगातार सर्जिकल स्ट्राइक करने की बात करती है लेकिन उनमें कितने लोगों को मार गिराया इसका कोई सबूत नहीं है, पता नहीं सर्जिकल स्ट्राइक हुई भी है या नहीं”।
जयराम रमेश ने बयान से किया किनारा
दिग्विजय सिंह के इस बयान पर खुद उनकी पार्टी ने उनका समर्थन नहीं कर रही। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि “वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके निजी विचार हैं कांग्रेस पार्टी की नहीं। 2014 से पहले यूपीए सरकार के दौरान भी सर्जिकल स्ट्राइक हुई हैं। राष्ट्र हित में सेना की हर कार्रवाई का कांग्रेस समर्थन किया है और करती रहेगी”।
बीजेपी ने दिया जवाब
दिग्विजय सिंह के इस बयान पर पलटवार करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि “पीएम मोदी के लिए उनकी नफरत के कारण राहुल गांधी और दिग्विज सिंह में अब देशभक्ति नहीं बची है। भारत जोड़ो यात्रा महज एक बहाना है, दरअसल ये लोग भारत को तोड़ने का काम कर रहे हैं। हमारी वीर सेना पाकिस्तान की सीमा में घुसकर मारती है तो पाकिस्तान को दर्द होता ही है लेकिन यहां भी कुछ लोगों को दर्द होता है”।
शिवराज ने दागे तीखे सवाल
मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने भी दिग्विजय सिंह के इस बयान पर पर कहा कि कांग्रेस का DNA ही पाकिस्तानी परस्ती का है। कभी सर्जिकल स्ट्राइक तो कभी राम के अस्तित्व तो कभी रामसेतु के सबूत मांगते हैं। राहुल गांधी जी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चलते हुए दिग्विजय सिंह जी फिर से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। वे हमारी सेना का मनोबल गिरा रहे हैं। मैं तो राहुल गांधी जी से जवाब मांगता हूं कि यह कैसी भारत जोड़ो यात्रा है, टुकड़े टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है। आप भी सेना के कमजोर होने की बात कर रहे हैं। हमारी सेना का मनोबल गिराने का पाप और अपराध तो कम से कम कांग्रेस न करे।